मर्डर, सुसाइड या कुछ और? जैसलमेर में पानी की टंकी से एक ही परिवार के 4 लोगों की लाश मिलने से सनसनी, मरने वालों में दो मासूम बच्चे भी शामिल
राजस्थान के जैसलमेर जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। रामदेवरा थाना क्षेत्र के लोहारकी गांव में रविवार रात एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
- भारत
- 3 min read
राजस्थान के जैसलमेर जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। रामदेवरा थाना क्षेत्र के लोहारकी गांव में रविवार रात एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो छोटे मासूम बच्चे शामिल हैं। चारों के शव गांव में ही बने पानी के एक टांके से बरामद किए गए हैं। ग्रामीणों ने चारों को टांके से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
मृतकों की पहचान जसराज सुथार, उनकी पत्नी निरमा, पुत्र भरत और पुत्री मनीषा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जसराज सुथार पहले महाराष्ट्र में फर्नीचर का काम करते थे और करीब एक वर्ष पहले अपने पैतृक गांव लोहारकी लौटकर रहने लगे थे। रविवार देर रात ग्रामीणों को चीख-पुकार की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने चारों को टांके से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
शुरुआती जांच में मामला सामूहिक आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है। जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि कहीं यह हत्या के बाद आत्महत्या का मामला तो नहीं है या फिर पूरे परिवार ने किसी कारणवश सामूहिक रूप से अपनी जान दी। फिलहाल मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस ने चारों शवों को आगे की कार्रवाई के लिए लोहारकी अस्पताल से पोकरण अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटनास्थल से नहीं बरामद हुआ है सुसाइड नोट
घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रथम दृष्टया आर्थिक तंगी को संभावित कारण माना जा रहा है, लेकिन पुलिस ने इस संबंध में किसी भी निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच टीम परिवार की आर्थिक स्थिति, पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है। वहीं घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक परिवार को अपने दो मासूम बच्चों के साथ इतना बड़ा कदम उठाना पड़ा? क्या इसके पीछे आर्थिक परेशानी थी, पारिवारिक तनाव था या कोई और वजह? इन सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 27 July 2026 at 09:11 IST