फिर डराने आ रहा है कोरोना का नया वेरिएंट PJ.2.1, इस बार लक्षणों से नहीं होगी पहचान, WHO ने बताया सबकुछ; इन लोगों को विशेष सर्तकता की जरूरत
कोविड-19, इन्फ्लूएंजा और अन्य सांस संक्रमणों के लक्षण एक जैसे हो सकते हैं। इसलिए, केवल लक्षणों के आधार पर यह निश्चित रूप से निर्धारित नहीं किया जा सकता कि संक्रमण किस वायरस के कारण हुआ है।
- भारत
- 3 min read
बीते कुछ सालों में कोरोना वायरस के कई वेरिएंट आए हैं। अब इसी कड़ी में कोविड का नया वेरिएंट PJ.2.1 चर्चा में है। इसको लेकर हाल ही में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कहा है कि अब केवल लक्षणों के आधार पर यह पता लगाना मुश्किल है कि कोई संक्रमण कोविड का है, फ्लू का या किसी दूसरे वायरस का। ऐसे में जरूरत पड़ने पर जांच कराना जरूरी हो सकता है।
कोविड-19, इन्फ्लूएंजा और अन्य सांस संक्रमणों के लक्षण एक जैसे हो सकते हैं। इसलिए, केवल लक्षणों के आधार पर यह निश्चित रूप से निर्धारित नहीं किया जा सकता कि संक्रमण किस वायरस के कारण हुआ है। डब्ल्यूएचओ के विशेषज्ञ इस बात पर जोर देते हैं कि कई अलग-अलग सांस संक्रमणों के लक्षणों में समानता के आधार पर केवल रोगी की स्वास्थ्य स्थिति के आधार पर किसी बीमारी के कारण का विश्वसनीय रूप से निर्धारण नहीं किया जा सकता है।
दिसंबर में होगी समीक्षा
डब्ल्यूएचओ के मुताबिक कोविड-19 वैक्सीन संरचना पर तकनीकी सलाहकार समूह (टैग-को-वैक) दिसंबर में पीजे.2.1, एसटी.1 और एसडब्ल्यू.2.1 वैरिएंट से जुड़े उपलब्ध आंकड़ों का विश्लेषण करेगा। इस दौरान विशेषज्ञ इन वैरिएंट के आनुवंशिक बदलाव, संक्रमण के प्रसार, एंटीजेनिक विशेषताओं और शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली पर उनके प्रभाव का अध्ययन करेंगे। इसके साथ ही मौजूदा वैक्सीन इन नए वैरिएंट के खिलाफ कितनी प्रभावी हैं, इसका भी आकलन किया जाएगा।
इससे पहले डब्ल्यूएचओ के रूसी कार्यालय ने नए कोरोना स्ट्रेन पीजे.2.1 के वैश्विक स्तर पर फैलने की आशंका जताई थी। संगठन ने कहा था कि वह इस वैरिएंट की गतिविधियों और संक्रमण के प्रसार पर लगातार नजर रख रहा है। डब्ल्यूएचओ का तकनीकी सलाहकार समूह समय-समय पर कोविड-19 वैक्सीन की संरचना की समीक्षा करता है, ताकि बदलते वायरस के अनुरूप टीकों को अपडेट करने के बारे में सुझाव दिए जा सकें।
क्या हैं नया कोविड वेरिएंट PJ.2.1
PJ.2.1 कोविड वायरस का एक नया स्ट्रेन है। इसी साल जून में अमेरिका में इसके केस आए थे। अब इस वेरिएंट को लेकर WHO ने अहम जानकारी साझा की है। इसमें PJ.2.1 से जुड़े संक्रमण को लेकर सामने आई जानकारी में गले में तेज दर्द और बीमारी से ठीक होने के बाद भी लंबे समय तक थकान रहने की बात कही गई है। रूस की संक्रामक रोग विशेषज्ञ और वायरोलॉजिस्ट एलेना मालिनिकोवा ने इन लक्षणों का जिक्र किया है। हालांकि, अभी इन्हें इस वैरिएंट के पक्के या सभी मरीजों में दिखने वाले लक्षण नहीं माना जा सकता है। WHO ने ये भी कहा है कि यह वेरिएंट खतरनाक नहीं है और इसके अधिकतर लक्षण फ्लू जैसे ही हैं।
क्या हैं इस वैरिएंट का लक्षण
- बुखार
- गले में खरास
- खांसी
- नाक बहना या बंद होना
- सिरदर्द और बदन दर्द
इन्हें रहना होगा ज्यादा सावधान
बुजुर्गों, कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों और पहले से किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को सांस से जुड़े संक्रमण के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। बुखार, लगातार खांसी या गले में दर्द होने पर डॉक्टर से सलाह लें। सांस लेने में परेशानी या सीने में लगातार दर्द होने पर तुरंत अस्पताल जाएं।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 9 November 2026 at 16:26 IST