अपडेटेड 28 January 2026 at 20:35 IST
8:10 बजे Ajit pawar ने मुंबई से भरी थी उड़ान, 35 मिनट हवा में था प्लेन, फिर... आखिरी पलों में पायलट और ATC के बीच क्या बात हुई? पूरा डिटेल
Ajit Pawar Plane Crash: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की बारामती में विमान हादसे में मौत हो गई है। अब नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने हादसे की मिनट-दर-मिनट रिपोर्ट जारी की है। इसमें बताया गया कि कैसे ये दुखद दुर्घटना हुई।
Ajit Pawar Demise: महाराष्ट्र की राजनीति में 'दादा' के नाम से मशहूर NCP नेता अजित पवार के अचानक निधन ने पूरे राज्य को शोक की लहर में डूबो दिया है। आज (28 जनवरी) को अपने चार्टर्ड प्लेन में सवार होकर वो बारामती जा रहे थे। इसी दौरान लैंडिंग के वक्त उनका विमान दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। प्लेन ने आज सुबह 8:10 बजे मुंबई से उड़ान भरी थी और दुर्घटना का समय 8.45 मिनट के आसपास का बताया जाता है। जानते हैं उन 35 मिनटों में क्या-क्या हुआ था?
बुधवार सुबह जब अजित पवार मुंबई से Learjet 45XR विमान में सवार होकर बारामती के लिए निकले थे, तब उन्हें कहां मालूम था कि ये उनका आखिरी सफर होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुर्घटना से पहले विमान करीब 35 मिनट तक उड़ान भरता रहा। इस दौरान सबकुछ सामान्य था।
8 मिनट बाद संपर्क में आया था विमान
आंकड़ों से पता चलता है कि मुंबई से विमान के उड़ान का समय सुबह लगभग 8:10 बजे था। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, विमान के उड़ान भरने के 8 मिनट बाद यानी 8:18 बजे बारामती एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के संपर्क में आया था। इसके बाद पायलट ने ATC से हवा और दृश्यता के बारे में पूछा। ATC ने बताया कि हवा शांत है और दृश्यता लगभग 3,000 मीटर थी।
रनवे 11 पर उतरने की दी सूचना, फिर…
इसके बाद विमान ने रनवे 11 पर उतरने की अंतिम तैयारी की सूचना दी, लेकिन बताया कि रनवे दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने पहले प्रयास में ही गो-अराउंड शुरू कर दिया। गो-अराउंड के बाद, ATS ने विमान की स्थिति पूछी। चालक दल ने बताया कि वे फिर से रनवे 11 पर उतरने की अंतिम अवस्था में हैं। उनसे रनवे दिखाई देने पर सूचना देने को कहा गया। इस पर चालक दल ने जवाब दिया, "रनवे अभी दिखाई नहीं दे रहा है; रनवे दिखाई देने पर सूचित करेंगे।" कुछ सेकंड बाद, उन्होंने बताया कि रनवे दिखाई दे रहा है।
विमान को 8:43 बजे रनवे 11 पर उतरने की अनुमति दी गई थी। हालांकि, चालक दल की ओर से लैंडिंग की अनुमति की पुष्टि नहीं की गई। सुबह 8:44 बजे, ATS ने रनवे 11 के पास आसपास आग की लपटें देखी गईं। फौरन ही हादसे वाली जगह पर आपातकालीन सेवाओं को भेजा गया। विमान का मलबा रनवे के बाईं ओर पड़ा था।
इस प्लेन क्रैश हादसे में विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई है। डिप्टी सीएम अजित पवार के अलावा प्लेन उड़ा रहे कैप्टन सुमित कपूर, को-पायलट शाम्भवी पाठर, पवार के निजी सुरक्षाकर्मी (PSO) विदीप जाधव और चालक दल की सदस्य पिंकी माली भी मौजूद थीं।
AAIB ने शुरू की हादसे की जांच
फिलहाल एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने इस विमान दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। AAIB के महानिदेशक घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने विमान के मलबे का निरीक्षण किया। वहीं, हादसे के कुछ घंटों बाद AAIB के अधिकारी दिल्ली के महिपालपुर स्थित VSR एविएशन (VSR Aviation) के ऑफिस भी पहुंचे थे। उन्होंने पाया कि कंपनी के कई कर्मचारी कार्यालय में मौजूद नहीं थे।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 28 January 2026 at 20:35 IST