CWC की बैठक में कांग्रेस ने CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा समेत रखी 5 मांगें, मोदी के मंत्री बोले- वो काफी एक्टिव अधिकारी हैं, इस्तीफा नहीं देना चाहिए

कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर लंबी चर्चा हुई। खड़गे ने एक बार फिर मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा समेत 5 मांगें रखी।

 
Follow :
CWC की बैठक में कांग्रेस ने CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा समेत रखी 5 मांगें | Image: ANI

कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में मंगलवार को कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश सहित अन्य नेता मौजूद रहे। बैठक में कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी बुलाया गया था। बैठक के दौरान खड़गे ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूचियों को लेकर चुनाव आयोग पर तीखा हमला किया। बैठक में कांग्रेस ने CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा समेत 5 मांगें रखी।

CWC की बैठक में खड़गे ने कहा, “मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में उस मजबूत लोकतांत्रिक नींव को खोखला कर दिया है, जिसे हमारे पूर्वजों ने अपने बलिदान और समर्पण से बनाया था। सोची-समझी साजिशों के तहत मतदाता सूची से नाम हटाए जा रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार मोदी सरकार की कठपुतली बन गए हैं।”

खड़गे ने जोर दिया कि यह भारतीय लोकतंत्र के मूल सिद्धांत के खिलाफ है, जिसमें हर पात्र नागरिक का वोट सुरक्षित होना चाहिए और हर वोट की निष्पक्ष गिनती होनी चाहिए। बाबासाहेब अंबेडकर का हवाला देते हुए खड़गे ने कहा कि सार्वभौमिक मताधिकार लोकतंत्र का सबसे बुनियादी तत्व है। किसी भी मतदाता को किसी अधिकारी के पूर्वाग्रह या मनमाने फैसले के कारण बाहर नहीं किया जाना चाहिए।

पार्टी की पांच प्रमुख मांगें 

  • वोटर लिस्ट में हर बड़े बदलाव का पूरा डेटा सार्वजनिक किया जाए।  
  • जिन वोटरों के नाम हटा दिए गए हैं, उन्हें पूरी जानकारी दी जाए और अपील करने का मौका मिले।  
  • राजनीतिक दलों को वोटर लिस्ट और संबंधित जरूरी डेटा आसान फॉर्मेट में समय पर उपलब्ध कराया जाए।  
  • जहां गंभीर गड़बड़ियों के सबूत सामने आएं, वहां स्वतंत्र और समय-सीमा के भीतर जांच हो।  
  • चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अहम डेटा और फैसलों में पूरी पारदर्शिता हो, ताकि कोई भी पार्टी जानकारी छिपाने का आरोप न लगा सके।

चुनाव प्रक्रिया में आम लोगों का भरोसा जरूरी-खड़गे

खड़गे ने कहा कि 2027 में पांच राज्यों में होने वाले चुनावों को देखते हुए, यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि किसी भी वोटर के अधिकार का उल्लंघन न हो। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हर व्यक्ति का वोट सुरक्षित हो, चुनाव निष्पक्ष हों, ताकि भारत की चुनाव प्रक्रिया में आम लोगों का भरोसा बना रहे।

September 29, 2026

ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देने की जरूरत नहीं- अठावले

वहीं, कांग्रेस की CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को मोदी के मंत्री ने गलत बताया है। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, "ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देने की आवश्यकता नहीं है। ज्ञानेश कुमार बहुत सक्रिय अधिकारी हैं, चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त हैं। SIR के मुद्दे पर जब तीनों में चर्चा हुई थी तो सभी को अपनी बातें रखने का अधिकार था। निर्णय एकमत से घोषित हुआ था।

September 29, 2026

अठावले ने आगे कहा "तीनों चुनाव आयुक्तों ने सामने आकर स्पष्ट भी किया था कि निर्णय एकमत से लिया गया था। ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देंगे। कांग्रेस कितनी भी मांग करें। ज्ञानेश कुमार को बिल्कुल इस्तीफा नहीं देना चाहिए। ये मेरी और मेरी पार्टी की राय है।"

यह भी पढ़ें: 'राजनीति में कुछ भी संभव',सीट बंटवारे पर ओपी राजभर का बड़ा बयान

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 29 September 2026 at 14:54 IST