अपडेटेड 7 August 2024 at 16:44 IST
'क्या वो चाहते हैं कि भारत में हिंदुओं पर हमला हो', सलमान खुर्शीद के बयान पर भड़के बीजेपी नेता
सलमान खुर्शीद ने कहा कि बांग्लादेश में जो हो रहा है, वो भारत में भी हो सकता है। इस पर बीजेपी ने जवाब दिया कि मोदी रहते हुए ये लोग मंसूबों में कामयाब नहीं होंगे।
Salman Khurshid Controversy: कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के बांग्लादेश को लेकर भारत पर दिए बयान का जमकर विरोध हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नफरत में वो (सलमान खुर्शीद) भारत से नफरत करते हैं। बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस से सवाल पूछते हुए कहा है कि क्या विपक्षी पार्टी उन पर कार्रवाई करेगी?
सलमान खुर्शीद बांग्लादेश के हालातों पर बयान दे रहे थे और इसी दौरान उन्होंने भारत को लेकर भी टिप्पणी की। मंगलवार को सलमान खुर्शीद ने कथित तौर पर कहा कि बांग्लादेश में जो हो रहा है, वो भारत में भी हो सकता है। कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद मंगलवार को एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। पीटीआई के मुताबिक, कार्यक्रम में बोलते हुए पूर्व विदेश मंत्री ने कहा, 'कश्मीर में सब कुछ सामान्य लग सकता है। यहां सब कुछ सामान्य लग सकता है। हम जीत का जश्न मना रहे हैं, हालांकि कुछ लोगों का मानना है कि 2024 की जीत या सफलता शायद मामूली थी, शायद अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है।' उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि सतह के नीचे कुछ तो है। उन्होंने कहा, 'बांग्लादेश में जो हो रहा है, वह यहां भी हो सकता है... हमारे देश में फैलाव से चीजें उस तरह फैलने से बच जाती हैं, जिस तरह बांग्लादेश में फैली हैं।'
सलमान खुर्शीद के बयान पर भड़के बीजेपी नेता
शहजाद पूनावाला का कहना है कि 'एक तरफ कांग्रेस कहती है कि बांग्लादेश में जो घटनाक्रम हो रहा है, इसको लेकर वो भारत सरकार के साथ खड़ी है। दूसरी ओर कांग्रेस के नेता लगातार भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। सलमान खुर्शीद कह रहे हैं कि जो बांग्लादेश में हुआ है, वो भारत में भी हो सकता है। क्या ये भड़काने की कोशिश की जा रही है। क्या ये किसी को आइडिया देने की कोशिश हो रही है।' पूनावाला ने सवाल उठाते हुए कहा कि, 'वो सलमान खुर्शीद जो कहते थे कि हिंदुत्व ISIS और बोको हराम होता, क्या वो चाहते हैं कि भारत में भी भारत में हिंदुओं पर हमला हो? क्या वो उकसाने की कोशिश कर रहे हैं।' उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी से स्पष्ट है कि कांग्रेस पार्टी कहती कुछ है और करती कुछ है। मुझे लगता है कि अगर दोहरे मापदंड अगर देखने हैं तो वो कांग्रेस और सलमान खुर्शीद जैसे नेताओं के हैं।
सलमान खुर्शीद पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने रिपब्लिक भारत से बातचीत में कहा कि भारत के मतदाताओं ने INDI गठबंधन को वोट की चोट मारी है, जिससे ये लोग बौखला गए हैं। इन लोगों को शर्म नहीं आती है, जो भारत में बांग्लादेश जैसे हालात की बात करते हैं। कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि भारत में सब भाईचारे के साथ रहते हैं। पिछले 10 में नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जो भाईचारा देखने को मिला है, वो कभी नहीं दिखा। कृष्णपाल ने कहा कि ये बौखलाए हुए लोग हैं। भारत विरोधी ताकतें जो भाषा बोलती हैं, वही जो ये लोग बोल रहे हैं। इनको देश की तरक्की पसंद नहीं है, ये लोग देश की तरक्की को रोकना चाहते हैं। इन लोगों की कोशिश देश में अराजकता का माहौल पैदा करने की रही है। बीजेपी सांसद ने कहा कि नरेंद्र मोदी जी रहते हुए ये लोग अपने मंसूबों में कामयाब नहीं होंगे।
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी का कहना है कि कांग्रेस नेता कामना कर रहे हैं जैसा बांग्लादेश में हुआ, वैसे भारत में भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसा सोचना कांग्रेस का परिचय देता है। कांग्रेस भारत की बढ़ती जीडीपी की चर्चा नहीं करती, ये (कांग्रेस) अपशगुन की बात करते हैं। मनोज तिवारी ने कहा कि भारत मजबूत लोकतंत्र है। भारत में ऐसा सोचने वाले का भी बड़ा बुरा हश्र होता है। मध्य प्रदेश बीजेपी के विधायक रामेश्वर शर्मा का कहना है कि सलमान खुर्शीद जैसे लोग आतंकवादियों की भाषा बोल रहे हैं। ये लोग भारत में ऐसे हालात पैदा करना चाहते हैं।
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 7 August 2024 at 16:44 IST