अपडेटेड 10 March 2026 at 11:29 IST

Israel Iran War: इजरायल ईरान जंग की‌ आंच भारत तक पहुंची, गैस की किल्लत से मुंबई में 20% होटल बंद, बेंगलुरु में भी असर

भारत के बेंगलुरु, चेन्नई, मुंबई और कोलकाता जैसे शहरों में कमर्शियल एलपीजी की किल्लत हो गई है। इसका असर हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री पर पड़ रहा है। मुंबई में 20% होटल बंद हो गए हैं तो कई और शहरों में इसका असर दिख रहा है।

Follow :  
×

Share


Commercial LPG crisis in India | Image: X

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध 11वें दिन में प्रवेश कर गया है। मिडिल ईस्ट में तनाव अब भी बरकरार है। इसका असर अब भारत की ऊर्जा आपूर्ति पर साफ दिखाई दे रहा है। देश के कई बड़े शहरों में हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री पर कमर्शियल गैस की बढ़ती दिक्कत का असर दिखने लगा है। कमर्शियल LPG की किल्लत की वजह से मुंबई, बेंगलुरु जैसे शहरों में 20% होटल बंद हो सकते हैं।

खाड़ी देश कतर, जो भारत का सबसे बड़ा एलएनजी  (प्राकृतिक गैस) आपूर्तिकर्ता है, अब गंभीर संकट का सामना कर रहा है। ईरान के ड्रोन हमलों के बाद कतर में एलएनजी उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया है, जबकि हॉर्मुज स्ट्रेट बंद होने से जहाजों की आवाजाही लगभग बंद हो चुकी है। ईरान ने कतर के कई तेल डिपों पर भी हमला किया है। खाड़ी देशों की रिफाइनरियों पर हो रहे हमलों की वजह से अब संकट गहराता जा रहा है।

इन शहरों में होटल बंद होने के कगार पर

भारत के बेंगलुरु, चेन्नई, मुंबई और कोलकाता जैसे शहरों में कमर्शियल एलपीजी की किल्लत हो गई है। इन शहरों में गैस स्टेशनों के बाहर सीएनजी गाड़ियों की लंबी कतारें दिख रही हैं। इन शहरों के रेस्टोरेंट और होटल एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही फ्यूल सप्लाई ठीक नहीं हुई तो बड़े पैमाने पर होटल बंद हो जाएंगे।

AHAR की सरकार को चेतावनी

मुंबई होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन (AHAR) ने चेतावनी दी है कि अगर स्थिति नहीं सुधरी तो शहर के 50% तक होटल अगले कुछ दिनों में बंद हो सकते हैं। गैस न मिलने की वजह से लगभग 20 % होटल और रेस्टोरेंट पहले ही बंद हो चुके हैं। इंडियन होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन, जो महाराष्ट्र में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को रिप्रेजेंट करता है, ने यूनियन पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस मिनिस्टर हरदीप सिंह पुरी को एक लेटर लिखकर LPG और PNG सप्लाई पर रोक लगाने वाले हालिया सरकारी ऑर्डर पर गहरी चिंता जताई है।

चेन्नई में भी कमर्शियल LPG की कमी

बेंगलुरु, कोलकाता और चेन्नई जैसे दूसरे शहरों में भी ऐसी ही मुश्किलें आ रही हैं, जहां होटल इंडस्ट्री भी कमर्शियल LPG सिलेंडर की कमी की वजह से बंद होने की चेतावनी दे रही है। बेंगलोर होटल एसोसिएशन ने घोषणा की है कि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई अचानक बंद होने के कारण आज (10 मार्च) से शहर भर के होटल और रेस्तरां बंद होने की कगार पर हैं। एसोसिएशन ने कहा कि तेल कंपनियों ने पहले 70 दिनों तक निर्बाध आपूर्ति का आश्वासन दिया था, मगर बीच में ही समस्या आ गई है। कई होटल पहले से ही आंशिक रूप से बंद हो चुके हैं।

 केंद्र सरकार के नाम लेटर

सभी एसोसिएशन की ओर से केंद्र सरकार को भेजे गए लेटर में कमर्शियल LPG की बिना रुकावट सप्लाई की मांग की गई है। लेटर में कहा गया है, “हालांकि हम समझते हैं कि ग्लोबल जियोपॉलिटिकल वजहों से मौजूदा हालात काबू से बाहर हैं। मगर PNG सप्लाई में किसी भी तरह की रुकावट का पूरी हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री पर गंभीर और तुरंत असर पड़ेगा। रेस्टोरेंट और होटल अपने रोजाना के खाना पकाने के कामों के लिए काफी हद तक PNG पर निर्भर हैं, और कोई भी रुकावट सभी स्टेकहोल्डर्स की रोजी-रोटी और रेवेन्यू पर गंभीर असर डालेगी।
 

यह भी पढ़ें: LPG Rule Change: अब 25 दिन से पहले नहीं होगी गैस सिलेंडर की बुकिंग

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 10 March 2026 at 11:29 IST