दिल्ली आ रहे अभिजीत दीपके, जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी आज करेगी प्रोटेस्ट, समर्थकों से की ये अपील, पुलिस बोली- परमिशन नहीं
CJP Protest Today Delhi: दिल्ली पुलिस कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर पूरी तरह सतर्क है। पुलिस ने साफ कहा है कि जंतर-मंतर पर इस प्रदर्शन के लिए अभी तक कोई अनुमति का आवेदन नहीं मिला है। अधिकारियों का बयान है कि अगर बाद में आवेदन आता है तो उसे नियमों के मुताबिक पूरी जांच के बाद ही फैसला लिया जाएगा।
- भारत
- 2 min read
Cockroach Janata Party Protest: नीट पेपर लीक (NEET Paper Leak) को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के लिए आज (6 जून) दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया है। इस प्रोटेस्ट के लिए सोशल मीडिया हैंडल के संस्थापक अभिजीत दीपके भी भारत आ रहे हैं। इस पर दिल्ली पुलिस ने बताया है कि उनसे इस प्रदर्शन को लेकर अब तक कोई परमिशन नहीं मांगी गई है।
चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत के एक बयान के बाद शुरू हुआ यह संगठन बीते कई दिनों से सुर्खियों में बना हुआ है। सोशल मीडिया पर लोग इससे बड़ी तेजी से जुड़े और देखते ही देखते इसके मिलियन में फॉलोअर्स हो गए।
प्रदर्शन से पहले जारी किया VIDEO
अब नीट पेपर लीक विवाद को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) सड़कों पर उतरने जा रही है। मशहूर एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक, एक्टर प्रकाश राज ने भी प्रदर्शन में शामिल होने की बात कही है। जंतर मंतर पर होने वाले इस प्रोटेस्ट से पहले CJP ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें लोगों से 6 जून की सुबह 9 बजे इकट्ठा होने की अपील की गई। उनका कहना है कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं हो जाता, हम रुकेंगे नहीं।
जारी किए गए दिशा-निर्देश
वहीं, प्रदर्शन से पहले इसमें शामिल होने वाले लोगों के लिए कुछ दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। इसके मुताबिक, जो भी प्रोटेस्ट का हिस्सा बनने जा रहे हैं उनसे तिरंगा और एक किताब लेकर आने, विरोध प्रदर्शन को रिकॉर्ड करने, उपद्रवियों की सूचना पुलिस को देने को कहा गया है। साथ ही यह भी कहा गया कि प्रदर्शन में शामिल हो रहे लोग सनस्क्रीन लगाएं, टोपी पहने और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।
समर्थकों से अनुरोध किया गया कि वे अपने परिवार के साथ आएं, अकेले न आएं। साथ ही पुलिसकर्मियों को फूल भेंट करें, ट्रोल या उकसाने वालों से बातचीत न करें और खाली पेट न आएं।
दिल्ली पुलिस ने परमिशन नहीं लेने की कही बात
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शन के लिए अब तक अनुमति नहीं मिलने की बात कही गई है। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा कि अगर संगठन आगे चलकर इजाजत मांगता है, तो इस पर नियमों के हिसाब से फैसला होगा। सुरक्षा और प्रशासनिक पहलुओं को देखकर तय होगा कि अनुमति दी जाए या नहीं।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 6 June 2026 at 07:25 IST