अपडेटेड 8 March 2025 at 21:38 IST
'औरंगजेब नायक नहीं हो सकता, जो राष्ट्र नायकों को सम्मान नहीं दे सकते उन्हें उपचार की...', CM योगी ने अबू आजमी पर साधा निशाना
CM Yogi on Abu Azmi Aurangzeb Comment: उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ ने औरंगजेब को लेकर सपा नेता अबू आजमी की टिप्पणी पर जमकर हमला बोला।
CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतमबुद्ध नगर में यूपी की सबसे बड़ी सोलर गीगाफैक्ट्री का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए ही महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अबू आजमी पर तीखा हमला किया और कहा कि जो राष्ट्र नायकों को सम्मान नहीं दे सकते वो मानसिक विकृति के शिकार है और उन्हें इलाज की जरूरत है।
उद्घाटन कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा, "राष्ट्र नायक की श्रेणी में भारत माता के वही सपूत हैं, जिनका पूरा जीवन, भारत माता करे लिए समर्पित था। स्वदेश और स्वधर्म के लिए जिन्होंने अपना जीवन समर्पित किया, जिन्होंने घास की रोटी खानी मंजूर की, लेकिन विधर्मियों के सामने झुकना कभी मंजूर नहीं किया। उन राष्ट्र नायकों में महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज, गुरु गोविंद सिंह का नाम आता है।"
अबू आजमी को सीएम योगी का करारा जवाब!
सीएम योगी ने आगे कहा कि स्वतंत्र भारत में इन राष्ट्र नायकों का आदर्श हम सबकी प्रेरणा है और उसी के बल पर हम कुछ कर पाते हैं। इन राष्ट्र नायकों का सम्मान हर हाल में होना चाहिए। जो लोग इनको सम्मान नहीं दे सकते, वो किसी मनसिक विकृति के शिकार हैं। उनको उपचार की आवश्यकता है। राष्ट्र नायकों का सम्मान किए बिना आज की पीढ़ी आगे नहीं बढ़ सकती है। आज की पीढ़ी को प्रेरणा नहीं मिल सकती। वर्तमान पीढ़ी को महापुरुषों के जीवन चरित्र से प्रेरणा प्राप्त होती है।
शिवाजी ने औरंगजेब को घुटने टेकने पर मजबूर किया: CM योगी
यूपी के सीएम ने कहा, "महाराणा प्रताप ने अपने जीवन कालखंड में ही, मेवाड़ राजवंश से जुड़े हुए वे सभी क्षेत्र जिन्हें कभी अकबर ने हड़पने की चेष्टा की थी, उन्हें वापस लेकर अकबर को भी घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था। इसलिए तो हम कहते हैं कि नायक तो महाराणा हैं। नायक छत्रपति शिवाजी महाराज हैं, जिन्होंने औरंगजेब को घुटने टेकने के लिए मजबूर किया और घुटते-घुटते बेमौत मरने के लिए मजबूर कर दिया था। इसलिए नायक छत्रपति शिवाजी महाराज हैं, और कोई नहीं हो सकता है।"
अकबर कभी नायक नहीं हो सकता क्योंकि...: CM योगी
सीएम योगी ने अबू आजमी पर करारा हमला करते हुए कहा, "अकबर हो या औरंगजेब, हिन्दुओं के प्रति सबकी मानसिकता एक ही थी। हमारे आदर्श और राष्ट्रनायक महाराणा प्रताप, वीर शिवाजी और गुरु गोविंद सिंह जी महाराज हैं, ना कि अकबर या औरंगजेब। अकबर कभी नायक नहीं हो सकता। इन्होंने भारत की सनातन परंपरा को रौंदने के लिए तमाम षड्यंत्र रचे। इसके विपरीत, महाराणा प्रताप ने अपने बलिदान से सनातन संस्कृति की रक्षा की।"
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 8 March 2025 at 21:38 IST