अपडेटेड 21 February 2025 at 16:36 IST

24 घंटे में ताबड़तोड़ कई फैसले, अगले 100 दिन का भी प्लान तैयार.. दिल्ली की 'नायक' बन गईं रेखा गुप्ता

Delhi: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने PWD और जल बोर्ड के अधिकारियों को कामों की समीक्षा करने के लिए बुला लिया है। उसके पहले पिछली सरकार का निजी स्टाफ हटा दिया है।

Follow :  
×

Share


दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता | Image: X- PTI

Delhi CM Rekha Gupta: रेखा गुप्ता नायक की भूमिका में उतर चुकी हैं और दिल्ली में ताबड़तोड़ फैसले लिए जाने लगे हैं। 12 घंटे से भी कम समय के भीतर रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली, पदभार संभाल लिया और कैबिनेट मंत्रियों के साथ मीटिंग करके आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं को जमीन पर उतारने की मंजूरी भी दे दी। इसके अगले 12 घंटे में रेखा गुप्ता ने पूर्व की सरकारों के निजी स्टाफ पर कैंची भी चला दी है।

रेखा गुप्ता दिल्ली की 9वीं और चौथी महिला मुख्यमंत्री बनी हैं। पद संभालने के बाद वो कह चुकी हैं कि विकसित दिल्ली मिशन को साकार करने में एक भी दिन बर्बाद नहीं किया जाएगा। रेखा गुप्ता कहती हैं कि 15 साल कांग्रेस का राज रहा 13 साल AAP ने राज किया। अब हम दिल्ली की चिंता करेंगे। उनका कहना है कि नई बीजेपी सरकार राष्ट्रीय राजधानी के लोगों से किए गए सभी वादों को पूरा करेगी।

24 घंटे में दिल्ली की CM रेखा गुप्ता के फैसले

रेखा गुप्ता ने 20 फरवरी को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मुख्यमंत्री की शपथ ली। शाम को साढ़े 5 बजे के आसपास मुख्यमंत्री का कार्यभार संभाला और उसके बाद शाम को साढ़े 7 बजे के करीब वासुदेव घाट जाकर मां यमुना की संध्या आरती की। फिर पहली कैबिनेट मीटिंग हुई, जिसमें दिल्ली में आयुष्मान योजना लागू करने का फैसला लिया गया। उसके अलावा कैबिनेट ने मंजूरी दी कि पहले ही विधानसभा सत्र में CAG रिपोर्ट पेश की जाएगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 21 फरवरी को PWD और जल बोर्ड के अधिकारियों को कामों की समीक्षा करने के लिए बुला लिया है। इस मीटिंग से पहले रेखा गुप्ता ने पूर्व मुख्यमंत्री और मंत्रियों के व्यक्तिगत स्टाफ की सेवाएं खत्म करने का आदेश दिया। पूर्व सरकारों ने जिन अधिकारियों और कर्मचारियों को दूसरी जगह नियुक्ति किया था, उनको अपने मूल विभागों में रिपोर्ट करने को कहा गया है।

उसके अलावा सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि दिल्ली सरकार की एक अहम बैठक हुई है, जिसमें होली और दिवाली पर फ्री सिलेंडर को लेकर निर्णय लिया गया है। सूत्र बताते हैं कि त्योहार पर फ्री सिलेंडर देने के लिए बैठक में ड्राफ्ट तैयार किया गया। त्योहारों के अलावा गरीब महिलाओं को 500 रुपये में सिलेंडर देने की तैयारी है। सूत्र बताते हैं कि जल्द दिल्ली कैबिनेट की दूसरी बैठक होगी, जिसमें इन योजनाओं का ऐलान किया जाएगा।

दिल्ली में 100 दिन के काम की खीचीं गई रेखा

उसके अलावा भी दिल्ली में 100 दिन के विकास कामों के लिए रेखा खींच दी गई है। दिल्ली के मंत्री आशीष सूद, पंकज कुमार सिंह और मनजिंदर सिंह सिरसा अगले 100 दिन का प्लान बता रहे हैं। आशीष सूद कहते हैं कि पहले 100 दिन का प्लान सफाई से जुड़ा होगा। दिल्ली से गंदगी साफ होगी। यमुना और महिला सुरक्षा पर फोकस फोकस रहेगा।

मनजिंदर सिंह सिरसा कहते हैं- 'मंत्रालय का काम हमने शुरू कर दिया है। जनहित की नई योजनाओं पर काम करना है। सबका साथ सबका विकास मूल में है।' दिल्ली के स्वास्थ्य, तकनीकी सूचना और परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह कहते हैं- 'मैं अधिकारियों से बातचीत करके दिल्ली की समस्याओं को सुनूंगा और समझूंगा कि हम लोगों की चिंताओं को कैसे हल कर सकते हैं। हम सभी मुद्दों को संबोधित करने के लिए एक रोडमैप बनाएंगे और उन्हें 100 दिनों के भीतर हल करने का लक्ष्य रखेंगे।'

यह भी पढ़ें: सज्जन कुमार की सजा पर फैसला सुरक्षित, पीड़ित पक्ष बोला- मिले फांसी

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 21 February 2025 at 13:18 IST