'कानून का पालन नहीं किया गया...,': CJP विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस, पिछले प्रोटेस्ट पर कही ये बात

दिल्ली पुलिस की डीसीपी प्रो नेहा यादव ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को धरना-प्रदर्शन की इजाजत इसलिए नहीं दी गई, क्योंकि तय प्रोसेस का पालन नहीं किया गया, पहले से कानून और गाइडलाइंस का भी पालन नहीं किया गया था।

 
Follow :
CJP विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस | Image: X

शनिवार को जारी SIR और मुख्य चुनाव आयोग ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर संग्राम दिल्ली की सड़कों पर थमा नहीं है। 10 अक्टूबर के बाद रविवार, 11 अक्टूबर को फिर से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने जंतर-मंतर कूच का ऐलान किया, लेकिन दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर तक पहुंचने नहीं दिया। 

इस बीच रविवार को कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस की DCP PRO नेहा यादव ने कहा 'CJP को पिछली बार परमिशन दी गई थी तब इन्होंने कानून को फॉलो नहीं किया। इसलिए इस बार उनको प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई।

कानून का पालन नहीं किया गया-DCP PRO नेहा यादव

DCP PRO नेहा यादव ने कहा 'दिल्ली की सुरक्षा एवं नागरिकों के जान-माल के बचाव हेतु दिल्ली के कई क्षेत्रों में धारा 163 BNSS लगाई गई। जिसके तहत किसी भी तरह के जमावड़े एवं प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी। इसलिए अभिजीत दिपके और उनके दो साथियों को कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा जंतर मंतर पर दिए गए विरोध प्रदर्शन के कॉल के मद्देनजर 10 अक्टूबर को हिरासत में लिया गया था क्योंकि उक्त प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी।'

पिछली बार पथराव, आगजनी, हिंसा की थी-DCP

दिल्ली पुलिस की डीसीपी प्रो नेहा यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि 'CJP को पिछली बार परमिशन दी गई थी तब इन्होंने कानून को फॉलो नहीं किया और इनके द्वारा जुटाई गई भीड़ द्वारा भारी पथराव, आगजनी, हिंसा की गई तथा सरकारी संपत्तियों का भारी नुकसान भी पहुंचाया। इन मामलों तथा वर्तमान में सुरक्षा व कानून एवं व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए जंतर मंतर पर प्रस्तावित धरना प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई थी।'

October 11, 2026

दिपके की हिरासत को लेकर पुलिस ने क्या कहा?

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिजीत दिपके की हिरासत को लेकर नेहा यादव ने पुलिस का पक्ष रखा और कहा कि "जैसे ही दिल्ली पुलिस को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके की दादी के निधन की जानकारी मिली, ऑफिसर्स उनके पास यह दुखद खबर देने गए और हर मुमकिन मदद की पेशकश की। उन्होंने प्यार से पूछा कि क्या उन्हें फ्लाइट्स, फोन कॉल्स या किसी और चीज़ में मदद चाहिए। उन्होंने बार-बार पूछा कि क्या वह अपने माता-पिता से बात करना चाहते हैं, लेकिन उन्होंने मना कर दिया।"

दिपके ने प्रदर्शन को लेकर किया पोस्ट

इस बीच अभिजीत दिपके ने रविवार को पब्लिक प्रदर्शन जारी रखने का अपना वादा दोहराया और ज़ोर देकर कहा कि पर्सनल दुख और पॉलिटिकल दबाव उनके आंदोलन को रोक नहीं पाएंगे। उन्होंने एक्स पर कहा “हमने ऐसे किसी बॉन्ड पर साइन नहीं किया है जिसमें लिखा हो कि हम प्रोटेस्ट नहीं करेंगे। हम फिर से सड़कों पर उतरेंगे।”

ये भी पढ़ें: CJP प्रदर्शन पर UNHRC की टिप्पणी पर MEA का कड़ा जवाब, कहा-अधिकारी कानून के हिसाब से ही करते हैं काम
 

Published By : Sahitya Maurya

पब्लिश्ड 11 October 2026 at 19:43 IST