तिरंगा यात्रा के लिए निकलते ही दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दिपके और नेहा बोरा को हिरासत में लिया
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दिपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वह तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए घर से निकले थे और कनॉट प्लेस जा रहे थे।
- भारत
- 3 min read
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दिपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वह तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए घर से निकले थे और कनॉट प्लेस जा रहे थे। दिपके को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रवक्ता अनीश गवांडे के आवास से निकलने के बाद हिरासत में लिया गया। इस दौरान एक पुलिस अधिकारी ने उनसे कहा, ''हम आपको प्रिवेंटिव डिटेंशन (एहतियाती हिरासत) में ले रहे हैं। कनॉट प्लेस में धारा 163 लागू है। आपको हिरासत में लिया जा रहा है।''
बता दें कि सीजेपी ने शुक्रवार को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में 'लहरा दो तिरंगा' विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर दिपके को नोटिस जारी किया था। पुलिस ने नोटिस में कहा था कि सोशल मीडिया के जरिए शाम पांच बजे कनॉट प्लेस में जुटने की अपील की गई थी, जबकि इसके लिए कानूनी अनुमति नहीं ली गई थी। दिल्ली पुलिस ने नोटिस में दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा था कि कनॉट प्लेस में बिना अनुमति भीड़ जुटने से यातायात, कानून-व्यवस्था, सार्वजनिक सुरक्षा और व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।
नेहा बोरा भी हिरासत में
वहीं, मंडी हाउस से नेहा बोरा को भी हिरासत में लिया गया है। वह मंडी हाउस से मार्च का नेतृत्व करने की तैयारी कर रही थीं। पुलिस ने उन्हें मार्च शुरू करने से पहले हिरासत में लिया। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें किस मामले में हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा दिल्ली के कनॉट प्लेस (CP) में CJP के विरोध में पालिका बाजार के दुकानदारों का एक समूह जुटा है। ये लोग CJP के प्रदर्शन का विरोध करते हुए दिल्ली पुलिस और ज्ञानेश कुमार के समर्थन में पहुंचे हैं।
'झंडे के नियमों का पालन जरूरी', तिरंगा प्रदर्शन पर क्या बोली दिल्ली पुलिस?
दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त और प्रवक्ता राजीव रंजन ने सीजेपी के ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन को लेकर कहा कि इस मामले में पुलिस से किसी ने संपर्क नहीं किया है और न ही व्यक्तियों की किसी सूची को लेकर कोई अनुरोध मिला है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज फहराते समय फ्लैग कोड के सभी नियमों का पालन करना और तिरंगे का पूरा सम्मान करना जरूरी है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी तिरंगा फहराने से जुड़ी सावधानियां साझा की हैं। राजीव रंजन ने यह भी कहा कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान की तस्वीरें और वीडियो उनके निजी विवरण के साथ साझा कर रहे हैं। उन्होंने इसे निजता का उल्लंघन बताते हुए अनुचित और गैरकानूनी करार दिया।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 16 October 2026 at 17:10 IST