अपडेटेड 9 December 2024 at 00:03 IST

लव जिहाद के खिलाफ लड़ाई में ईसाइयों को हिंदुओं के साथ आना चाहिए : भाजपा विधायक टी.राजा सिंह

टी. राजा सिंह ने रविवार को ईसाइयों से अपील की कि वे ‘लव जिहाद’ के खिलाफ लड़ाई में हिंदुओं के साथ आएं क्योंकि यह दोनों धर्मों को प्रभावित कर रहा है।

Follow :  
×

Share


BJP MLA T Raja Singh | Image: X/ @TigerRajaSingh

तेलंगाना से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक टी. राजा सिंह ने रविवार को ईसाइयों से अपील की कि वे ‘लव जिहाद’ के खिलाफ लड़ाई में हिंदुओं के साथ आएं क्योंकि यह दोनों धर्मों को प्रभावित कर रहा है।

दक्षिण गोवा के चर्चोरेम में बजरंग दल की एक रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि यदि ‘जिहादियों’ की आबादी बढ़ती रही और उनके सांसदों की संख्या बढ़ती रही तो अगले 20 से 30 वर्षों में भारत में कोई हिंदू प्रधानमंत्री नहीं होगा।

भाजपा विधायक ने कहा, ‘‘लव जिहादी केवल हिंदुओं को ही निशाना नहीं बनाते। मैं गोवा के ईसाई भाइयों से अपील करना चाहता हूं। आपको केरल फाइल्स (कहानी) फिल्म देखनी चाहिए, भले ही यह फिल्म पूरी कहानी नहीं बताती है।’’

राजा सिंह के मुताबिक मुस्लिम पुरुष अन्य धर्मों की महिलाओं को शादी के लिए लुभाने और उन्हें अपना धर्म बदलने के लिए मजबूर करने के लिए ‘लव जिहाद’ करते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे लव जिहाद के नाम पर हिंदू और ईसाई लड़कियों को बहकाया जाता है। हिंदुओं ने ईसाई भाइयों के लिए लव जिहाद के खिलाफ लड़ने के लिए अपने दरवाजे खुले रखे हैं। हाथ मिलाओ...हमारी ताकत बढ़ेगी।’’

हैदराबाद के गोशामहल से विधायक सिंह पहले भी अपने सांप्रदायिक भाषणों के कारण विवादों में रहे हैं और उन्हें कई मुकदमों का सामना करना पड़ा है।

 

Published By : Kanak Kumari Jha

पब्लिश्ड 9 December 2024 at 00:03 IST