अपडेटेड 3 March 2025 at 14:47 IST

प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान ऑस्ट्रेलिया की यात्रा पर रवाना हुए

प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान सोमवार को ऑस्ट्रेलिया की चार दिवसीय यात्रा पर रवाना हुए, जहां वह भारत-प्रशांत सहित द्विपक्षीय रणनीतिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए वार्ता करेंगे।

Follow :  
×

Share


CDS Gen Anil Chauhan | Image: ANI

प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान सोमवार को ऑस्ट्रेलिया की चार दिवसीय यात्रा पर रवाना हुए, जहां वह भारत-प्रशांत सहित द्विपक्षीय रणनीतिक संबंधों को बढ़ावा देने के तरीकों को खोजने के लिए शीर्ष ऑस्ट्रेलियाई सैन्य अधिकारियों के साथ वार्ता करेंगे। जनरल चौहान चार से सात मार्च तक अपने आधिकारिक कार्यक्रमों के दौरान ऑस्ट्रेलियाई सशस्त्र बलों के कई सैन्य प्रतिष्ठानों का दौरा करेंगे।

 

रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “ यह यात्रा दोनों देशों के बीच बढ़ते संबंधों को रेखांकित करती है, जो व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत राजनयिक और सैन्य सहयोग को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्धता साझा करते हैं और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अधिक सहयोग को बढ़ावा देते हैं।” इसमें कहा गया कि यह यात्रा रक्षा सहयोग के क्षेत्र में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच गहरे होते संबंधों को दर्शाती है।

ऑस्ट्रेलियाई रक्षा विभाग के साथ बैठक

बयान के मुताबिक, अपनी इस यात्रा के दौरान जनरल चौहान ऑस्ट्रेलियाई रक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बल के सैन्य नेतृत्व के साथ व्यापक चर्चा करेंगे। इस चर्चा में ऑस्ट्रेलिया के रक्षा बल के प्रमुख जनरल एडमिरल डेविड जॉनसन, उनके रक्षा सचिव ग्रेग मोरियार्टी और तीनों सेनाओं के प्रमुख शामिल होंगे।

इसमें कहा गया है, “ ऑस्ट्रेलिया के परिचालन कमान संरचना की जानकारी हासिल करने और संयुक्त अभियानों के लिए संभावित अवसरों पर चर्चा करने के उद्देश्य से सीडीएस जनरल अनिल चौहान फोर्स कमांड मुख्यालय का दौरा करेंगे।” बयान के मुताबिक, जनरल चौहान ऑस्ट्रेलियाई फ्लीट कमांडर और संयुक्त ऑपरेशन कमांडर से भी बातचीत करेंगे।

ऑस्ट्रेलियाई रक्षा कॉलेज का दौरा करेंगे सीडीएस 

मंत्रालय ने बताया, “ पेशेवर सैन्य प्रशिक्षण और शिक्षा के लिए भारत की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए, सीडीएस प्रतिष्ठित ऑस्ट्रेलियाई रक्षा कॉलेज का दौरा करेंगे, जहां वह हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक चुनौतियों पर वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित करेंगे।” सीडीएस ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख थिंक टैंक ‘लोवी इंस्टीट्यूट’ में एक गोलमेज चर्चा की अध्यक्षता भी करेंगे। पिछले कुछ वर्षों में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच समग्र रक्षा और सैन्य सहयोग में बढ़ोतरी हुई है।

यह भी पढ़ें: PM मोदी ने गिर नेशनल पार्क में की जंगल सफारी, शेरों का करते दिखे दीदार

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 3 March 2025 at 14:47 IST