BIG BREAKING: छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों का बड़ा एक्शन, बीजापुर में 12 नक्‍सलियों को एनकाउंटर में मार गिराया

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बृहस्पतिवार को सुरक्षा बलों से हुई भीषण मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर हो गए। पु

Follow :  
×

Share


Bijapur Naxalite encounter | Image: PTI

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बृहस्पतिवार को सुरक्षा बलों से हुई भीषण मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुठभेड़ सुबह करीब नौ बजे दक्षिण बीजापुर के जंगल में हुई, जब सुरक्षाकर्मियों की एक संयुक्त टीम नक्सल रोधी अभियान पर थी। अधिकारी ने कहा कि शाम तक रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही।

उन्होंने बताया कि तीन जिलों के जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की विशिष्ट जंगल युद्ध इकाई कोबरा (कमांडो बटालियन फॉर रिजोल्यूट एक्शन) की पांचवीं बटालियन और सीआरपीएफ की 229वीं बटालियन के जवान इस अभियान में शामिल हैं। अधिकारी ने कहा, “प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर हो गए। क्षेत्र में तलाशी अभियान अब भी जारी है, विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।”

उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। इसके साथ ही इस महीने अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ में 26 नक्सली मारे जा चुके हैं। बीजापुर जिले के मद्देड़ थाना क्षेत्र में 12 जनवरी को सुरक्षाकर्मियों से मुठभेड़ में दो महिलाओं समेत पांच माओवादी मारे गए थे। पिछले साल राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने 219 नक्सलियों को ढेर किया था।

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 16 January 2025 at 20:34 IST