अपडेटेड 7 March 2026 at 12:58 IST
Char Dham: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, घर बैठे करें पंजीकरण; वेबसाइट, ऐप या Whatsapp पर फॉलो करें ये स्टेप्स
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं। जानें किस तरह घर बैठे वेबसाइट, ऐप और Whatsapp के माध्यम से आप रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। उत्तराखंड पर्यटन विभाग ने साफ-साफ कहा है कि बिना रजिस्ट्रेशन यात्रा करने की परमिशन नहीं दी जाएगी।
Char Dham Yatra 2026 registration: उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। यात्रा 19 अप्रैल से अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर शुरू होगी, जब यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलेंगे। वहीं, केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल और बद्रीनाथ धाम 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुल दिया जाएगा।
चार धाम यात्राओं के लिए श्रद्धालुओं को रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है। बिना रजिस्ट्रेशन के किसी को यात्रा की अनुमति नहीं है। राज्य सरकार ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन के साथ मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप ऑप्शन भी दिए हैं। वहीं, ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन 17 अप्रैल से शुरू होगा, जिसमें 50 काउंटर लगाए जाएंगे।
पहले दिन 1 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हुए
पहले दिन यानी 6 मार्च को शाम 5 बजे तक 1 लाख 23 हजार 788 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन करा लिया। बता दें सबसे ज्यादा रजिस्ट्रेशन केदारनाथ धाम के लिए हुए। यह आंकड़ा उत्तराखंड पर्यटन विभाग ने बताया है और ये संख्या लगातार बढ़ रही है।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कैसे करें
- आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं: registrationandtouristcare.uk.gov.in
- होमपेज पर 'Register/Sign In' पर क्लिक करें। नाम, मोबाइल नंबर समेत बाकी जानकारी भरकर आईडी बनाएं।
- लॉग इन करने के बाद 'Create/Manage Tour' चुनें। यात्रा की तारीख और धाम चुनें।
- 'Add Pilgrim' पर क्लिक कर सभी यात्रियों की डिटेल्स भरें। आधार कार्ड या वोटर आईडी जैसे आईडी प्रूफ अपलोड करें।
- प्रक्रिया पूरी होने पर यूनिक रजिस्ट्रेशन नंबर (URN) मिलेगा। यात्रा पंजीकरण पत्र डाउनलोड करें, जिसमें QR कोड भी होगा।
Whatsapp और ऐप से भी कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन
मोबाइल ऐप: 'Tourist Care Uttarakhand' ऐप गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से डाउनलोड करें और रजिस्ट्रेशन वाले स्टेप्स फॉलो करें।
व्हाट्सएप: नंबर 8394833833 पर 'YATRA' मैसेज भेजें। आगे के सवालों के जवाब देकर रजिस्ट्रेशन पूरा करें।
यात्रा से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन 0135-1364 पर कॉल करें। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए होती है। उत्तराखंड पर्यटन विभाग ने साफ कहा है कि रजिस्ट्रेशन मुफ्त है और यात्रा से पहले इसे जरूर पूरा करें। इससे यात्रा सुचारू और सुरक्षित रहेगी। बिना रजिस्ट्रेशन के यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 7 March 2026 at 12:58 IST