Himachal Landslide: बिलासपुर हादसे से हिमाचल में मातम, PM मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को PMNRF से 2-2 लाख का मुआवजा
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में एक चलती बस पर पहाड़ी मलबा गिर गया जिससे अबतक 18 लोगों की मौत की खबर है। पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताया है।
- भारत
- 3 min read
Himachal Pradesh Landslide: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में भल्लू ब्रिज के पास दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां पहाड़ का एक हिस्सा टूटकर बस पर आ गिरा जिससे अबतक 18 लोगों की मौत की खबर है। अब हादसे पर पीएम मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की भी घोषणा की।
जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में बस चालक और परिचालक की भी मौत हो गई है। हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य चलाया गया। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल मलबा हटाने और फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटा हुआ है। अब तक कुल 2 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।
बस में कुल 35 लोग थे सवार
बताया जा रहा है कि यह घटना शाम करीब 6 बजे की है। यह बस मरोतन से घुमारवीं जा रही थी जिसमें कुल 35 लोग सवार थे।
कैसे हुआ दर्दनाक हादसा ?
हादसे पर एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने कहा, 'इस घटना की सूचना मिलने पर हमने अपनी बचाव की पुलिस की टीम, होमगार्ड की बचाव टीम और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचाया। इस घटना में स्थानीय लोगों ने बहुत मदद की और दो बच्चों को बचाया।'
उन्होंने आगे कहा, ‘शवों के पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है इस घटना का बड़ा कारण दो दिन से हो रही बारिश है। अभी भी घटनास्थल पर बचाव कार्य चलाया जा रहा है क्योंकि एक 8 साल का लड़का इसमें लापता है।’
पीएम मोदी ने जताया शोक
हादसे पर पीएम मोदी ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से आर्थिक मदद का ऐलान किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने X पर ट्वीट कर लिखा, 'हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुए एक हादसे में हुई जान-माल की हानि से दुखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'
आर्थिक मदद का ऐलान
PMO ने आगे लिखा, 'प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
राष्ट्रपति मुर्मू ने भी जताया दुख व्यक्त
वहीं राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने भी हादसे पर अपना दुख जाहिर किया। उन्होंने लिखा, ‘बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन के कारण हुई बस दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’
CM सुक्खू ले रहे पल-पल की अपडेट
इससे पहले सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बिलासपुर हादसे पर कहा था कि झंडूता विधानसभा क्षेत्र के बालूघाट (भल्लू पुल) के पास हुए भीषण भूस्खलन की खबर ने मन को भीतर तक झकझोर दिया है। रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर जारी है। अधिकारियों को पूरी मशीनरी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। मैं स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की पल-पल की जानकारी ले रहा हूं।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 8 October 2025 at 07:18 IST