राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपी लवकुश मिश्रा के घर पर बुलडोजर एक्शन की तैयारी? ADA ने पत्नी को थमाया नोटिस, एक हफ्ते का दिया समय

राम मंदिर चढ़ावे चोरी के आरोपी लवकुश मिश्रा की पत्नी के नाम पर बन रही बिल्डिंग को लेकर अथॉरिटी ने नोटिस जारी किया है। इसमें प्रशासन ने एक हफ्ते के अंदर जवाब मांगा है।

 
Follow :
लव कुश मिश्रा की पत्नी को भेजा नोटिस | Image: X

Ayodhya news: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपियों पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। मुख्य आरोपी लवकुश मिश्रा की मुश्किलें और बढ़ने वाली है। अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) ने लवकुश की पत्नी सुप्रिया मिश्रा के नाम पर बन रही संपत्ति पर सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। प्राधिकरण ने मकान निर्माण को लेकर सुप्रिया को नोटिस जारी किया है। एक हफ्ते के अंदर संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो इस निर्माण को ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।

2025 में पत्नी के नाम पर खरीदी थी जमीन

दरअसल, जांच में सामने आया है कि लवकुश मिश्रा ने राम मंदिर में नौकरी के दौरान ही सोहावल तहसील के मंगसी परगना इलाके में अपनी पत्नी के नाम पर जमीन खरीदी थी। 16 अक्टूबर 2025 को हुई इस रजिस्ट्री में जमीन की कीमत मात्र 8.8 लाख रुपये बताई गई, जबकि बाजार मूल्य करीब 25 लाख रुपये आंका जा रहा है। कुछ रिपोर्ट्स में इसकी अनुमानित कीमत एक करोड़ तक भी बताई जा रही है।

प्राधिकरण ने भेजा नोटिस

प्राधिकरण अधिकारियों ने जब निर्माण स्थल का निरीक्षण किया तो पाया कि बिना मंजूर नक्शे के और नियमों की अनदेखी करते हुए निर्माण कार्य चल रहा था। नोटिस में स्पष्ट पूछा गया है कि क्या निर्माण के लिए कोई नक्शा पास कराया गया था या नहीं? प्राधिकरण की ओर से कागजात जमा करने की समयसीमा दी गई है। एक हफ्ते में संतोषजनक जवाब न मिलने पर अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई भी हो सकती है।

यह कार्रवाई राम मंदिर चढ़ावे चोरी के गंभीर आरोप के बीच हो रही है, जिससे पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

लवकुश मिश्रा समेत कई अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। SIT इस पूरे घोटाले की गहन जांच कर रही है। चोरी की रकम कहां-कहां पहुंची, इसमें और कौन-कौन शामिल था, इन सवालों के जवाब अभी सामने आने बाकी हैं।

SOT का कार्यकाल 15 दिन और बढ़ा

इस बीच घटना की जांच के लिए मुगठित SIT का कार्यकाल 15 दिन के लिए और बढ़ा दिया गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने 13 जून को SIT गठित की थी। मामले में अभी तक प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी जा चुकी है और 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। SIT 15 जुलाई को मामले में शासन को रिपोर्ट सौंपेगी।

यह भी पढ़ें: 'डर और कायरता...', TMC सांसद महुआ मोइत्रा पर अंडे-बैंगन फेंकने पर भड़के अभिषेक बनर्जी, कहा- क्या यही परिवर्तन का मतलब है?

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 2 July 2026 at 08:25 IST