अपडेटेड 18 September 2024 at 15:39 IST
BIG BREAKING: करोल बाग इमारत हादसे में बड़ा अपडेट, एक शख्स की मौत, अबतक 12 लोग घायल
दिल्ली के करोल बाग स्थित बापा नगर में एक मकान बुधवार सुबह ढह गया। हादसे में एक शख्स की मौत हो गई, कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
Delhi Building Collapse: दिल्ली के करोल बाग स्थित बापा नगर में एक मकान बुधवार सुबह ढह गया। हादसे में मलबे में कई लोग दब गए। अब जानकारी मिल रही है कि मलबे में दबने से 1 शख्स की मौत हो गई जबकि 12 लोग घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन अब भी जारी है।
बापा नगर इलाके में सुबह नौ बजकर 11 मिनट पर मकान ढहने की सूचना दमकल विभाग को मिली थी। अधिकारी ने बताया कि मलबे में मकान में रहने वाले कुछ लोगों के दबे होने की आशंका थी, जिसके बाद रेस्क्यू किया गया। एक शख्स की मौत की पुष्टि हो चुकी है। अब भी मलबे में कुछ लोगों की दबे होने की आशंका है।
मलबे में दबने से एक शख्स की मौत
एडिशनल DCP हुकमा राम ने कहा, अभी तक 15 लोगों को रेस्क्यू किया गया है, ऑपरेशन अभी जारी है। बताया जा रहा है कि एक और व्यक्ति के फंसे होने की आशंका है। एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है। कानून के मुताबिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी NDRF
उप-मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि मलबे के अदंर दबे 7 लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया है। हमारी टीम ने बहुत अच्छा काम किया। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति और दबा हो सकता है। मलबा हटाया जा रहा है। भारी मशीनें या क्रेन अंदर नहीं ले जा सकते, रास्ता छोटा है। मगर अग्निशमन विभाग, स्थानीय पुलिस और NDRF की टीम बचाव कार्य कर रही हैं।
काफी पुराना था मकान
बताया जा रहा है कि मकान काफी पुराना था और लगातार बारिश होने की वजह से यह कमजोर हो गया था। मकान का एक हिस्सा सुबह भरभराकर गिर गया। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई। मलबे में घर के अंदर रहने वाले लोग ही दब गए। तीन मंजिला इमारत में कई परिवार रहते थे।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 18 September 2024 at 15:00 IST