अपडेटेड 1 February 2024 at 08:50 IST

Budget 2024: सुविधाओं से लेकर हाई स्पीड ट्रेन तक... बजट 2024 से रेलयात्रियों को क्या हैं उम्मीदें?

Budget 2024: रेल में सफर करने वाले हर आम आदमी की निगाहें बजट पर टिकी हुई है। आम लोगों का कहना है कि किराए में बढ़ोतरी नहीं होनी चाहिए।

Follow :  
×

Share


बजट 2024 से रेलयात्रियों को क्या हैं उम्मीदें? | Image: Republic

Budget 2024 Railway Sector Union Expectations : संसद का बजट सत्र बुधवार से शुरू हो गया है। वर्तमान लोकसभा का यह आखिरी सत्र है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले एक फरवरी को अंतरिम बजट पेश करेंगी। इसके बाद नई सरकार कार्यभार संभालने के बाद पूर्ण बजट पेश करेगी। चुनाव से पहले आने वाले इस बजट से हर वर्ग को उम्मीदें हैं। आम आदमी को बजट से हमेशा उम्मीद रहती है। सैलरी क्लास को इस बार अच्छा होने की उम्मीद है, उम्मीद है कि इनकम टैक्स में राहत मिले। इसके अलावा रेल यात्रियों को भी कई उम्मीदें हैं।

भारतीय रेलवे को देश की लाइफ लाइन कहा जाता है। भारतीय रेल हर रोज करीब 2 करोड़ 40 लाख यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचाता है। यह आंकड़ा ऑस्ट्रेलिया की पूरी आबादी को हर रोज ढोने के बराबर है। रेल से यात्रा करने वाले लोगों को मोदी सरकार के इस बजट से कई उम्मीदें हैं। बजट पेश के पहले भारतीय रेलवे ने वित्त वर्ष 2023-24 के पहले 9 महीनों में अपने बजट का 75 फीसदी हिस्सा खर्च कर लिया है। खास बात ये है कि ये अभी तक रेलवे द्वारा इस्तेमाल किया गया सर्वाधिक बजट है। यात्रियों के साथ रेलवे को भी इस बजट से काफी उम्मीदें हैं।

'किराए में ना हो बढ़ोतरी'

रेल में सफर करने वाले हर आम आदमी की निगाहें बजट पर टिकी हुई है। ट्रेन से सफर करने वाले आम लोगों का कहना है कि किराए में बढ़ोतरी नहीं होनी चाहिए। अगर सरकार रेल किराया बढ़ाती है, तो इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ता है। हर रोज यात्रा करने वाले यात्रियों को इसके अलावा ट्रेनों में यात्री सुविधाओं को भी बढ़ाने जाने की उम्मीद है। उम्मीद की जा रही है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस अंतरिम बजट में रेलवे बजट में बड़ा इजाफा कर सकती हैं।

बढ़ाए जाएं सामान्य कोच

मोदी सरकार लगातार रेलवे सिस्टम में सुधार कर रही है। इंडियन रेलवे यात्रियों बेहतर व्यवस्था और सुविधाओं के साथ विश्व स्तरीय सुविधाएं देने की कोशिश कर रही है। ट्रेन में सफर करते समय भारत में सबसे अधिक मुश्किलों का सामना सामान्य कोच में यात्रा करने वाले यात्रियों को करना पड़ता है। यात्रियों की मांग है कि ट्रेनों में सामान्य कोच की संख्या को बढ़ाया जाए।

तेज स्पीड वाली नई ट्रेनें

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2022-23 के भाषण में कहा था कि भारत अगले 3 सालों में 400 नई वंदे भारत ट्रेनों का निर्माण करेगा। ऐसे में उम्मीद है कि वित्त मंत्री इंडियन रेलवे का बजट बढ़ा सकती हैं। रेलवे नेटवर्क में ट्रेनों की स्पीड और संख्या बढ़ाने पर ध्यान दिया जा सकता है। वंदेभारत और अमृत भारत एक्सप्रेस पर भी विशेष फोकस रखा जा सकता है। 

ये भी पढ़ें: Budget 2024: कार खरीदने वालों का बजट पर रहता है ध्यान, जानिए ऑटो सेक्टर को कितनी उम्मीदें

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 31 January 2024 at 19:27 IST