बंद कमरे में बैठक, ग्रुप फोटो और गाला डिनर... जिनपिंग समेत कई दिग्गजों से मिलेंगे PM मोदी, ब्रिक्स में आज क्या-क्या? देखें पूरा शेड्यूल
आज नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चीनी राष्ट्रपति समेत कई दिग्गजों से मुलाकात करेंगे। सम्मेलन में सदस्य देशों के नेताओं के साथ बैठक, ग्रुप फोटो से लेकर गाला डिनर तक के कार्यक्रम शामिल हैं।
- भारत
- 3 min read
BRICS Summit: भारत की मेजबानी में दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 का आयोजन किया गया है। इस 'महासम्मेलन' को लेकर देश की राजधानी में दुनियाभर के कद्दावर नेताओं और विदेशी मेहमानों का जमावड़ा लगा हुआ है।
सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान समेत कई वैश्विक नेता पहले ही नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। वहीं, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग आज दोपहर तक भारत पहुंचेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग समेत समिट में शामिल होने वाले तमाम राष्ट्राध्यक्षों और उनके प्रतिनिधियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी का राजनयिक शेड्यूल काफी व्यस्त रहने वाला है जिसमें कई द्विपक्षीय बैठकें शामिल हैं।
PM मोदी का आज का पूरा कार्यक्रम-
सुबह 10:00 बजे: इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के साथ मुलाकात।
सुबह 10:30 बजे: मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय बैठक।
सुबह 11:00 बजे: अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ मुलाकात।
सुबह 11:30 बजे: वियतनाम के नेता ले मिन्ह हंग के साथ महत्वपूर्ण बैठक।
इसके अलावा इसी समय राष्ट्रपति भवन में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान की भारत की राष्ट्रपति के साथ राष्ट्रपति भवन में बैठक निर्धारित है।
आज भारत मंडपम में क्या-क्या होगा?
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के तहत दोपहर 2 बजे से नेता भारत मंडपम के लेवल-2 पर पहुंचना शुरू करेंगे। इसके बाद दोपहर 2:35 बजे से ब्रिक्स सदस्य देशों की एक बेहद अहम बंद कमरे में बैठक शुरू होगी। बैठकों के दौर के बाद शाम 4:25 बजे सभी लीडर्स 'भारत इनोवेट्स एग्जिबिशन' देखने हॉल में जाएंगे। इसके बाद शाम 5:05 बजे भारत मंडपम के बाहरी परिसर में ऑफिशियल फैमिली फोटोग्राफ ली जाएगी, जिसके तुरंत बाद शाम 5:10 बजे एक संयुक्त वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इसके बाद शाम 5:45 बजे भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक होगी। फिर रात 7:30 बजे प्रधानमंत्री की मेजबानी में भारत मंडपम के लेवल-3 पर एक गाला डिनर का आयोजन किया जाएगा।
दिल्ली में जुटेंगे दुनिया के दिग्गज
ब्रिक्स का वर्तमान अध्यक्ष होने के नाते भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में समूह के 18वें शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। इसमें सदस्य और साझेदार देशों के नेताओं के साथ-साथ आउटरीच के लिए आमंत्रित देशों के नेता भी शामिल हो रहे हैं।
ब्रिक्स में कौन-कौन से देश शामिल?
ब्रिक्स (BRICS) समूह की शुरुआत में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल थे। इसके बाद साल 2024 में मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) इस समूह के पूर्ण सदस्य बने। इसके अगले ही साल यानी जनवरी 2025 में इंडोनेशिया भी पूर्ण सदस्य के रूप में इसमें शामिल हो गया। इसके अलावा पिछले साल बेलारूस, बोलीविया, कजाकिस्तान, क्यूबा, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम ब्रिक्स के साझेदार देश बने।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 12 September 2026 at 08:24 IST