Breaking: नवी मुंबई में ढही तीन मंजिला इमारत, मलबे में फंसे कई लोग; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
महाराष्ट्र के नवी मुंबई में तीन मंजिला इमारत ढहने से बड़ा हादसा हो गया है। मलबे में फंसे कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
- भारत
- 2 min read
Navi Mumbai Building Collapses: महाराष्ट्र के नवी मुंबई में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया है। शाहबाज गांव में तीन मंजिला इमारत ढह गई, जिसमें कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। मौके पर NDRF, पुलिस, अग्निशमन दल और नगरपालिका के अधिकारी मौजूद हैं। बचाव कार्य जारी है।
मलबे में फंसे दो लोगों को बचाया गया
नवी मुंबई के पालिका आयुक्त कैलाश शिंदे के मुताबिक, शाहबाज गांव में आज सुबह तीन मंजिला इमारत ढह गई। इमारत में फंसे 52 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं मलबे में फंसे दो लोगों का रेस्क्यू किया गया। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। मलबे में दो और लोगों के फंसे होने की संभावना है। जो लोग सुरक्षित हैं उनको रेस्क्यू शेल्टर में भेज दिया गया है।
कैलाश शिंदे ने बताया कि ये इमारत 10 साल पुरानी है, जिसकी जांच की जा रही है। इमारत के मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जांच के बाद ही पता चलेगी वजह
नवी मुंबई नगर निगम के अधिकारी कैलाश शिंदे ने बताया कि तीन मंजिला इमारत में तीन दुकानें और 13 फ्लैट थे। बिल्डिंग अभी 10 साल ही पुरानी बताई जा रही है। हालांकि इस घटना के पीछे क्या वजह रही इसकी जांच की जा रही है।
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 27 July 2024 at 09:35 IST