BREAKING: दिल्ली से बिहार जा रही बस एक्सप्रेसवे पर पलटी, 6 लोगों की मौके पर मौत; 15 से ज्यादा घायल, बचाव कार्य जारी
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से बिहार की तरफ जा रही बस बड़े हादसे का शिकार हो गई। इस एक्सीडेंट में 6 लोगों की मौत बताई जा रही है, वहीं 19 घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पढ़ें पूरी खबर।
- भारत
- 2 min read
Delhi-Bihar Bus Accident: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। दिल्ली से बिहार जा रही एक बस बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत बताई जा रही है। जबकि 19 लोग घायल हैं, जिन्हें मौके पर मौजूद लोगों ने अस्पताल में भर्ती करवाया है। अभी राहत बचाव कार्य जारी है। फिलहाल हादसे के पीछे क्या कारण था, इसको लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। मृतकों में एक सब-इंस्पेक्टर और एक कैदी भी शामिल हैं। हादसा उन्नाव जिले के औरास थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर नंबर 262 पर हुआ है।
बस में सवार यात्री बिहार लौट रहे थे- पुलिस
बस दिल्ली से बिहार के सीवान जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, बस में सवार यात्री बिहार लौट रहे थे। मरने वालों में सब-इंस्पेक्टर रामचंद्र और कैदी छत्रपाल शामिल हैं। दोनों सीवान से दिल्ली आए थे और वापस लौट रहे थे। गंभीर रूप से घायल लोगों को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। बाकी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है। औरास थाने के प्रभारी संजीव कुशवाहा ने हादसे की पुष्टि की है।
बस बेकाबू होकर पलटी
पुलिस ने बताया कि बस अचानक बेकाबू हुई और पलट गई। हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और लंबी दूरी के कारण हादसे अक्सर होते रहते हैं। प्रशासन ने बस चालक की लापरवाही या किसी तकनीकी खराबी की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के परिवारों में मातम छा गया है। घायलों के परिजन अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 26 May 2026 at 08:50 IST