अपडेटेड 31 October 2024 at 20:16 IST

TP Gopalan Nambiar: दिवाली के दिन दुखद खबर, BPL के संस्थापक टीपी गोपालन नांबियार का निधन

भारतीय इलेक्ट्रॉनिक कंपनी ‘बीपीएल समूह’ के संस्थापक टी. पी. गोपालन नाम्बियार का बृहस्पतिवार सुबह बेंगलुरु स्थित उनके आवास पर निधन हो गया।

Follow :  
×

Share


TP Gopalan Nambiar | Image: X

भारतीय इलेक्ट्रॉनिक कंपनी ‘बीपीएल समूह’ के संस्थापक टी. पी. गोपालन नाम्बियार का बृहस्पतिवार सुबह बेंगलुरु स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। उनके परिवार के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा, केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशन ने नाम्बियार के निधन पर शोक व्यक्त किया। परिवार के सूत्रों ने बताया कि नाम्बियार (94) कुछ समय से अस्वस्थ थे।

नाम्बियार के परिवार के एक सदस्य ने कहा, ‘‘उन्होंने पूर्वाह्न करीब सवा 10 बजे अंतिम सांस ली।’’ नाम्बियार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर के ससुर थे।

नाम्बियार के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कर्नाटक येदियुरप्पा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बीपीएल समूह के संस्थापक टीपी गोपालन नाम्बियार के निधन से दुखी हूं। उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। उनके प्रियजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।’’

विजयन ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘‘बीपीएल के संस्थापक के रूप में वे भारतीय व्यापार जगत में एक प्रमुख व्यक्ति थे, जिन्होंने भारत में दूरसंचार उद्योग को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।’’ सतीशन ने कहा कि नाम्बियार एक दूरदर्शी व्यक्ति थे, जिन्होंने भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में परिवर्तनकारी बदलाव लाया।

 

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 31 October 2024 at 20:16 IST