यूट्यूबर ने बनाया करोड़ों का इकोफ्रेंडली फार्म हाउस, गोबर से लीपी दीवार, 200 गायें और बिल्कुल गांव जैसा अनुभव... ठाठ देख फराह खान रह गईं दंग
Gaurav Taneja FarmHouse: मशहूर यूट्यूबर और इन्फ्लुएंसर गौरव तनेजा, जिन्हें दुनिया 'फ्लाइंग बीस्ट' के नाम से जानती है, अब उद्यमिता की दुनिया में एक नई मिसाल पेश कर रहे हैं। दिल्ली-एनसीआर में स्थित अपने विशाल फार्महाउस से वे 'रोजियर नामक एक प्रीमियम फूड ब्रांड का संचालन कर रहे हैं।
Gaurav Taneja FarmHouse: भारत के मशहूर यूट्यूबर और फिटनेस इन्फ्लुएंसर गौरव तनेजा, जिन्हें दुनिया 'फ्लाइंग बीस्ट' के नाम से जानती है, इन दिनों अपनी जीवनशैली और अनूठे बिजनेस आइडियाज को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में फराह खान के यूट्यूब व्लॉग 'फन विद फराह' में गौरव के दिल्ली-एनसीआर स्थित आलीशान फार्महाउस की झलक देखने को मिली, जो आधुनिकता और भारतीय परंपरा का एक अद्भुत संगम है।
10 करोड़ का फार्महाउस और 'रोजियर ब्रांड'
गौरव तनेजा ने फरवरी 2024 में खुलासा किया था कि उनका दिल्ली-एनसीआर वाला फार्महाउस उनका अब तक का सबसे महंगा निवेश है, जिसकी कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये है। इसी फार्महाउस से उनका एग्री-टेक और डेयरी स्टार्टअप 'रोजियर' संचालित होता है। गौरव यहां लगभग 200 गायों की सेवा और देखभाल करते हैं।
वे सीधे दूध बेचने के बजाय A2 घी, मक्खन और छाछ तैयार कर कांच की बोतलों में बेचते हैं। इतना ही नहीं रोजियर के तहत वे पारंपरिक तरीके से बने अचार का व्यवसाय भी करते हैं।
फराह खान के व्लॉग में चौकाने वाला फार्महाउस का इंटीरियर
फराह खान के व्लॉग का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा फार्महाउस का इंटीरियर था। गौरव के घर की दीवारों पर गोबर का लेप किया गया है। यह प्राचीन भारतीय तकनीक न केवल प्राकृतिक कीटाणुनाशक का काम करती है, बल्कि घर को गर्मी में भी ठंडा रखती है। आश्चर्य की बात यह थी कि लाउंज एरिया में गोबर की कोई गंध नहीं थी, जिसने फराह खान को भी दंग कर दिया। यह स्थिरता और आधुनिक जीवन का एक बेहतरीन उदाहरण पेश करता है।
व्लॉग के दौरान गौरव और उनके परिवार ने फराह खान के साथ अपने बगीचे के नींबू और आम के पेड़ों के बीच वक्त बिताया। इस मुलाकात का सुखद अंत बिहार के प्रसिद्ध व्यंजन 'लिट्टी चोखा' के साथ हुआ। गौरव तनेजा का यह सफर दिखाता है कि कैसे एक पायलट और बॉडीबिल्डर अब अपनी जड़ों की ओर लौटकर न केवल एक सफल उद्यमी बन रहा है, बल्कि भारतीय संस्कृति को भी बढ़ावा दे रहा है।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 7 April 2026 at 21:41 IST