अपडेटेड 7 April 2025 at 06:57 IST
'कोलकाता में रामनवमी शोभायात्रा पर हमला', BJP सांसद ने वीडियो शेयर कर पथराव का किया दावा, बोले- हिंदुओं की दहाड़ से डरीं ममता
पश्चिम बंगाल BJP अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने इसे टारगेटेड हिंसा बताया। उन्होंने कहा कि बंगाली हिंदुओं की दहाड़ से ममता बनर्जी डर गई हैं।
Kolkata News: बीते दिन रामनवमी के अवसर पर देशभर में अलग-अलग जगहों पर शोभायात्रा निकाली गईं। पश्चिम बंगाल में जहां रामनवमी से पहले ही सियासत चरम पर थी। इसके बावजूद पूरे बंगाल भगवामय नजर आया। बड़ी संख्या में रामभक्तों ने सड़कों पर उतरकर शोभायात्रा और जुलूस निकाले। इस बीच कोलकाता में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान बवाल की खबर है। BJP नेता ने शोभायात्रा पर हमला करने का आरोप लगाते हुए ममता सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने हमले का वीडियो भी जारी किया।
पश्चिम बंगाल BJP अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने इसे टारगेटेड हिंसा बताया। उन्होंने कहा कि बंगाली हिंदुओं की दहाड़ से ममता बनर्जी डर गई हैं।
‘भगवा झंडे लेकर जा रही गाड़ियों पर बरसाए पत्थर’
सुकांत मजूमदार ने कोलकाता में शोभायात्रा के दौरान हमले का दावा करते हुए एक्स पर वीडियो भी शेयर किए गए। इसमें गाड़ियों के शीशे टूटे हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो शेयर कर उन्होंने लिखा, "जैसे ही रामनवमी जुलूस लौटा, कोलकाता के पार्क सर्कस सेवन पॉइंट इलाके में जैसे ही हिंदू भक्तों पर बर्बरतापूर्वक हमला किया गया। भगवा झंडे ले जाने को लेकर गाड़ियों पर जमकर पत्थर बरसाए गए। विंडशील्ड टूट गए, अराजकता फैल गई। यह आकस्मिक नहीं था... यह लक्षित हिंसा थी।
उन्होंने कहा कि जब यह सबकुछ हो रहा था, तब पुलिस कहां थी? वहीं पर थी...चुपचाप खड़े होकर देख रही थी। रीढ़विहीन।
‘वे घबराए हैं, डरे हुए हैं…’
बंगाल BJP अध्यक्ष सरकार पर बरसते हुए कहा कि ममता बनर्जी का पुलिसबस तुष्टीकरण की उनकी राजनीति से पूरी तरह से पंगु हो गया है। निर्दोष हिंदुओं की रक्षा के लिए एक भी कदम नहीं उठाया। यह कायरतापूर्ण निष्क्रियता एक बात साबित करती है कि रामनवमी के दौरान एकजुट बंगाली हिंदुओं की दहाड़ ने व्यवस्था को हिला दिया है। ममता की लाड़-प्यार वाली "शांति वाहिनी" शांतिपूर्ण नहीं है... वे घबराए हुए हैं, डरे हुए हैं।
सुकांत मजूमदार ने आगे कहा कि यह तो बस शुरुआत है। हम कोलकाता से वादा करते हैं कि अगले साल पार्क सर्कस में और भी बड़ा, जोरदार और शक्तिशाली रामनवमी जुलूस निकलेगा। वही पुलिसवाले जो आज मूकदर्शक बने रहे? वह हम पर फूल बरसाएंगे। इन शब्दों को याद रखें।
घटना को लेकर क्या बोलीं कोलकाता पुलिस?
कोलकाता में रामनवमी शोभायात्रा पर हमले की घटना को लेकर पुलिस का भी बयान आया है। कोलकाता पुलिस ने कहा कि यह स्पष्ट किया जाता है कि किसी भी जुलूस के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी, न ही इलाके में कोई ऐसी घटना हुई है। एक वाहन के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर व्यवस्था बहाल की। केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जनता को सलाह दी जाती है कि वह किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 7 April 2025 at 06:57 IST