अपडेटेड 31 January 2025 at 17:10 IST

BJP ने 2024 के लोकसभा चुनाव में 1737.68 करोड़ रुपये खर्च किए: आयोग को सौंपे गए चुनाव व्यय में खुलासा

भारतीय जनता पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में 1,737.68 करोड़ रुपये खर्च किए। भाजपा की ओर से निर्वाचन आयोग को प्रस्तुत व्यय रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

Follow :  
×

Share


JP Nadda | Image: PTI

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2024 के लोकसभा चुनाव में 1,737.68 करोड़ रुपये खर्च किए। भाजपा की ओर से निर्वाचन आयोग को प्रस्तुत व्यय रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, कुल राशि में से 884.45 करोड़ रुपये सामान्य पार्टी प्रचार पर खर्च किए गए, जबकि 853.23 करोड़ रुपये उम्मीदवार संबंधी खर्चों के लिए आवंटित किए गए।

रिपोर्ट के मुताबिक, लगभग 611.50 करोड़ रुपये मीडिया विज्ञापनों पर खर्च किए गए, जिसमें प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में विज्ञापन, बल्क एसएमएस अभियान और केबल, वेबसाइट तथा टीवी चैनलों पर प्रचार सामग्री शामिल थी। पार्टी ने चुनाव प्रचार के लिए पोस्टर, बैनर, होर्डिंग और झंडों पर 55.75 करोड़ रुपये खर्च किए। इसके अतिरिक्त, सार्वजनिक बैठक, जुलूस और जनसभाओं पर भाजपा का खर्च 19.84 करोड़ रुपये का रहा। इनमें मंच, ऑडियो सेटअप, बैरिकेड्स और वाहनों की व्यवस्था शामिल है।

चुनाव में पार्टी के बजट का एक महत्वपूर्ण हिस्सा खर्च

अभियान से संबंधित यात्रा व्यय में पार्टी के बजट का एक महत्वपूर्ण हिस्सा खर्च किया गया। पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय द्वारा अधिकृत स्टार प्रचारकों का यात्रा खर्च 168.92 करोड़ रुपये था, जबकि पार्टी के अन्य नेताओं की यात्रा पर 2.53 करोड़ रुपये खर्च किए गए।

आम चुनाव में भाजपा ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल की थी। इस जीत के लिए उसने बड़े पैमाने पर संपर्क और प्रचार अभियानों पर जोर दिया, जो उसके खर्च के तरीके से भी स्पष्ट है। इसके अतिरिक्त, राज्य संबंधी चुनावों की घोषणा की तारीख से उनके पूरा होने की तारीख तक सकल प्राप्तियां अरुणाचल प्रदेश 5,552.57 करोड़ रुपये, सिक्किम 5,552.41 करोड़ रुपये और ओडिशा 5,555.65 करोड़ रुपये रहीं।

यह भी पढ़ें: केजरीवाल ने इन 4 नेताओं को भेजी पानी की बोतलें, राहुल को भी चैलेंज

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 31 January 2025 at 17:10 IST