25 दिनों तक अलग-अलग गांवों में लोगों से संवाद...'सेवा दूत अभियान' को प्रभावी बनाने के लिए BJP ने कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र

BJP का 'सेवा दूत अभियान' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 1 दिसंबर से 25 दिसंबर 2026 तक चलाया जाने वाला एक 25 दिवसीय देशव्यापी जनसंपर्क कार्यक्रम है।

 
Follow :
25 दिनों तक अलग-अलग गांवों में लोगों से संवाद...'सेवा दूत अभियान' को प्रभावी बनाने के लिए BJP ने कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र | Image: X

भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में 1 से 25 दिसंबर 2026 तक ‘सेवा दूत अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान की तैयारियों के सिलसिले में पनवेल में आयोजित ठाणे-कोंकण विभागीय कार्यशाला में भाजपा के महाराष्ट्र प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने शिरकत की और उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा, कार्यप्रणाली, सूक्ष्म नियोजन और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर रविंद्र चव्हाण ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक पहुंचना, उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझना तथा उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है। साथ ही, केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि अभियान को सफल बनाने के लिए वे आपसी तालमेल और समन्वय के साथ काम करें तथा इसकी प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करें।

25 दिनों तक अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों और गांवों में लोगों से सीधा संवाद

गौरतलब है कि BJP का 'सेवा दूत अभियान' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 1 दिसंबर से 25 दिसंबर 2026 तक चलाया जाने वाला एक 25 दिवसीय देशव्यापी जनसंपर्क कार्यक्रम है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता 25 दिनों तक अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों और गांवों में जाकर लोगों से सीधा संवाद करेंगे। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों की जानकारी घर-घर और युवाओं तक पहुंचाई जाएगी।

इसे भी पढ़ें- 17 मिनट में 30 लाख के मोबाइल चोरी... 1200 सीसीटीवी कैमरे खंगालने और बिहार तक का सफर कर कानपुर पुलिस ने शातिर चोर को ऐसे किया गिरफ्तार
 

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 27 November 2026 at 11:06 IST