महाराष्ट्र में भाजपा का शासन औरंगजेब से भी बदतर: संजय राउत
शिवसेना नेता संजय राउत ने शुक्रवार को महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार के शासन को औरंगजेब से भी बदतर बताया।
- भारत
- 2 min read
शिवसेना नेता संजय राउत ने शुक्रवार को महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार के शासन को औरंगजेब से भी बदतर बताया और दावा किया कि इस सरकार के कारण किसान अपनी जान दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में किसान, बेरोजगार लोग और महिलाएं आत्महत्या कर रही हैं।
राउत ने कहा, ‘‘औरंगजेब को दफनाए 400 साल हो गए हैं। उसे भूल जाइए। क्या महाराष्ट्र में किसान औरंगजेब के कारण आत्महत्या कर रहे हैं?’’
उनका कहना था, ‘‘वे आपकी (भाजपा) वजह से ऐसा कर रहे हैं।’’
राउत ने सवाल किया कि यदि मुगल शासक ने अत्याचार किए, तो यह सरकार क्या कर रही है?
भाजपा राज्य में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन का नेतृत्व करती है, जिसमें शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी भी शामिल हैं।
राउत ने कहा, ‘‘किसान आत्महत्या कर रहे हैं। भाजपा का कार्यकाल औरंगजेब से भी बदतर है।’’
वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की टिप्पणी पर एक सवाल का जवाब दे रहे थे जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘‘हर कोई’’ महसूस करता है कि छत्रपति संभाजीनगर में मुगल शासक औरंगजेब की कब्र को हटा दिया जाना चाहिए। लेकिन इसे कानूनी दायरे में किया जाना चाहिए क्योंकि पिछली कांग्रेस सरकार ने इस स्थल को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संरक्षण में रखा था।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 14 March 2025 at 16:49 IST