नितिन नवीन की नई टीम तैयार, BJP ने 24 रणनीतिकारों के नाम का किया ऐलान, किसे क्या मिली जिम्मेदारी; देखें संगठन महामंत्रियों की पूरी LIST
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को 24 संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा की। जिनमें विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों में नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यूपी समेत पांच राज्यों में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के ध्यान में रखकर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- भारत
- 3 min read
उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। BJP के केंद्रीय कार्यालय ने संगठनात्मक नियुक्तियों और जिम्मेदारियों में व्यापक बदलाव की आधिकारिक सूची भी जारी कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मंजूरी के बाद ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को 24 संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा की। जिनमें विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों में नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पार्टी की ओर से जारी परिपत्र में राष्ट्रीय सह-महामंत्री (संगठन), संगठकों, प्रदेश महामंत्रियों (संगठन) और प्रदेश सह महामंत्रियों (संगठन) को अलग-अलग राज्यों व क्षेत्रों की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। चुनाव से ठीक पहले यह बदलाव अहम माना जा रहा है।
शिवप्रकाश को मिली बड़ी जिम्मेदारी
पार्टी के राष्ट्रीय सह-महामंत्री (संगठन) शिवप्रकाश को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनका केंद्र मुंबई रहेगा। यूपी में ब्रज क्षेत्र की जिम्मेदारी अभय गिरी को मिली है। धर्मपाल को फिर से उत्तर प्रदेश का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है।
सौदान सिंह को बिहार समेत इन प्रदेश का जिम्मा
राष्ट्रीय सह-महामंत्री (संगठन) सौदान सिंह को बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनका केंद्र भुवनेश्वर निर्धारित किया गया है। संगठक वी. सतीश को एससी/एसटी मोर्चा और संसदीय कार्यालय का प्रभार मिला है। उनका केंद्र दिल्ली रहेगा। संगठक नागेंद्र को वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क की जिम्मेदारी दी गई है। उनका केंद्र भी दिल्ली रहेगा।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजय जामवाल को महाराष्ट्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनका केंद्र मुंबई रहेगा। प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) सतीश धोंड को महाराष्ट्र के साथ गुजरात, मध्य प्रदेश और राजस्थान का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उन्हें महाराष्ट्र में जनजाति संपर्क की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। उनका केंद्र नागपुर रहेगा।
दक्षिण में किस-किस के कंधे पर जिम्मेदारी
जारी सूची के अनुसार, मधुकर को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उनका केंद्र हैदराबाद रहेगा। दशरथ को तेलंगाना का प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है। उनका केंद्र वारंगल रहेगा। रवींद्र राजू को असम, त्रिपुरा और कार्यालय निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है। उनका केंद्र गुवाहाटी रहेगा।
आगामी चुनावों की तैयारियों में जुटी BJP
भीखूभाई दलसानिया को बिहार का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उनका केंद्र पटना रहेगा। पवन साई को झारखंड का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है। उनका केंद्र रांची रहेगा। सिद्धार्थन को हिमाचल प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनका केंद्र शिमला रहेगा। रत्नाकर को गुजरात, दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन और दीव का प्रभार दिया गया है। उनका केंद्र अहमदाबाद रहेगा। अरुण बिन्नाडी को गुजरात का प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उनका केंद्र राजकोट रहेगा।पार्टी के अनुसार, ये सभी नियुक्तियां संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावों की तैयारियों को ध्यान में रखकर की गई हैं।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 24 September 2026 at 16:48 IST