BREAKING: हरदीप सिंह पुरी मध्य प्रदेश से लड़ेंगे राज्यसभा उपचुनाव, BJP ने किया नाम का ऐलान
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मध्य प्रदेश में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उनके नाम को मंजूरी दी है।
- भारत
- 2 min read
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मध्य प्रदेश में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उनके नाम को मंजूरी दी है। इस उपचुनाव के जरिए मध्य प्रदेश से राज्यसभा की एक खाली सीट भरी जाएगी। हरदीप सिंह पुरी को राज्यसभा भेजने का मतलब है कि अब उनके केंद्रीय कैबिनेट में बने रहने पर कोई खतरा नहीं है।
बीते दिनों जब भाजपा ने राज्यसभा उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी, तब उसमें हरदीप सिंह पुरी का नाम नहीं था। जिसके बाद उनके मंत्रिमंडल में शामिल रहने को सवाल उठने लगे थे। लेकिन अब पुरी को एमपी से राज्यसभा भेजने से यह तय हो गया है कि वो कैबिनेट में बने रहेंगे।
12 नवंबर को उपचुनाव
पूर्व केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई सीट को भरने के लिए 12 नवंबर को उपचुनाव होना है। उपचुनाव से पहले मध्य प्रदेश BJP जिन संभावित उम्मीदवारों पर चर्चा कर रही थी, उनमें पुरी का नाम भी शामिल था।
पुरी का कार्यकाल 25 नवंबर को होने वाला है खत्म
भारतीय जनता पार्टी की राज्य कोर कमेटी ने आखिरी फैसले के लिए 4 से 5 नामों का एक पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजने का फैसला किया था। उत्तर प्रदेश से हरदीप सिंह पुरी का मौजूदा राज्यसभा का कार्यकाल 25 नवंबर को खत्म होने वाला है। BJP ने हाल ही में हुए राज्यसभा चुनावों के लिए उन्हें उत्तर प्रदेश से दोबारा नॉमिनेट नहीं किया था, जिससे अपर हाउस में उनका बने रहना पक्का नहीं था।
संयुक्त राष्ट्र भारत का कर चुके प्रतिनिधित्व
बता दें कि हरदीप सिंह पुरी भारतीय राजनीति का एक जाना-पहचाना चेहरा हैं। इन्होंने भारतीय विदेश सेवा (IFS) के अधिकारी के रूप में अपने करियर की शुरुआत की और बाद में राजनीति में कदम रखा। वह संयुक्त राष्ट्र में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। कई अहम राजनयिक जिम्मेदारियां भी संभाल रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में उन्होंने कई मंत्रालयों की जिम्मेदारी निभाई। उनकी पहचान एक पूर्व राजनयिक और केंद्रीय मंत्री के तौर पर है।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 28 October 2026 at 14:16 IST