कार्यक्रम से लौटते समय बीजेपी सांसद लक्ष्मी वर्मा की गाड़ी का एक्सीडेंट, हाथ में हुआ फ्रैक्चर; ड्राइवर का भी टूटा पैर
बीजेपी सांसद लक्ष्मी वर्मा की कार का एक्सीडेंट हो गया है। इस हादसे में उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया है। वहीं सांसद की गाड़ी के ड्राइवर का पैर टूटने की खबर है।
- भारत
- 3 min read
Chhattisgarh BJP MP Accident: छत्तीसगढ़ में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा की कार एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह हादसा तब हुआ जब उनकी कार सामने से आ रही एक दूसरी कार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सांसद की कार का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस दुर्घटना में सांसद लक्ष्मी वर्मा के हाथ में फ्रैक्चर हो गया है, जबकि उनके ड्राइवर के सीने और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसमें उनका पैर टूटने की भी खबर है। हादसे के तुरंत बाद दोनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सांसद को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उन्हें रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है।
रायपुर लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा खरोरा थाना क्षेत्र के बंगोली के पास हुआ। सांसद बलौदाबाजार में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रायपुर लौट रही थीं, तभी यह हादसा हो गया।
मुख्यमंत्री साय ने जताया दुख
घटना की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा जी के सड़क दुर्घटना में घायल होने का समाचार प्राप्त हुआ। प्रभु श्रीराम से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'
स्वास्थ्य मंत्री बोले- अत्यंत दुखद
वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी ट्वीट कर दुख जाहिर किया। उन्होंने लिखा, ‘रायपुर–खरोरा मार्ग पर हुए सड़क हादसे में माननीय राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा जी सहित अन्य लोगों के घायल होने की सूचना अत्यंत दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि श्रीमती लक्ष्मी वर्मा जी एवं हादसे में घायल सभी लोग जल्द से जल्द स्वस्थ होकर अपने परिजनों के बीच लौटें।’
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन कारणों से हुआ और इसमें शामिल वाहनों की क्या भूमिका थी, पुलिस फिलहाल इन सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 28 November 2026 at 07:11 IST