'अभिषेक बनर्जी ने ये हत्या कराई', सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या के बाद BJP नेता अर्जुन सिंह का बड़ा आरोप; बोले- वो मूर्ख हैं, इसका जवाब...
भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने ममता बनर्जी के भतीजे पर सुवेंदु अधिकारी के PA के कत्ल का आरोप लगाया है। उन्होंने अभिषेक बनर्जी को मूर्ख करारते हुए कहा कि उन्हें इसका जवाब जरूर मिलेगा।
Suvendu Adhikari PA Murder: सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की बुधवार, 6 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई। भाजपा नेताओं ने इस हत्या का आरोप ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर लगाया है।
नोआपारा विधानसभा क्षेत्र से विजयी भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने कहा कि अभिषेक बनर्जी ने ये हत्या कराई है। वे एक संदेश देना चाहते हैं कि हम सरकार में भले ना हो लेकिन हम तुम्हारे ऊपर भारी हैं। वे मूर्ख हैं इसका जवाब मिलेगा।
ये हत्या प्लान करके की गई- आनंद बनर्जी
वहीं बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष आनंद बनर्जी कहते हैं कि हम लोग गुंडागर्दी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे। 2021 में चुनाव के बाद हमारे 300 कार्यकर्ताओं की हत्या टीएमसी के गुंडों ने की थी। हम राष्ट्रीय पार्टी हैं हम ये सब बर्दाश्त नहीं करते हैं।
उन्होंने कहा कि हमने कार्यकर्ताओं को निर्देश दे दिया कि टीएमसी जो भड़का रही है उसमें मत जाइए। लेकिन कितने देर तक आप रोकेंगे। मैं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद कर रहा हूं। ये प्लान करके हत्या की गई है। पाताल से भी निकाला जाएगा। पश्चिम बंगाल में यह गुंडागर्दी नहीं चलने वाली है।
TMC ने की सीबीआई जांच की मांग
वहीं टीएमसी ने इस हत्या की कड़ी निंदा की है। उन्होंने मामले में सीबीआई जांच की मांग कर दी है। तृणमूल कांग्रेस ने एक्स हैंडल पर ट्वीट कर लिखा, 'हम मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की बेरहमी से हत्या की कड़ी निंदा करते हैं, साथ ही पिछले तीन दिनों में चुनाव के बाद हुई हिंसा में तीन और TMC कार्यकर्ताओं की हत्या की भी कड़ी निंदा करते हैं। ये हिंसा कथित तौर पर BJP के सपोर्ट वाले बदमाशों ने की है, जबकि Model Code of Conduct लागू है।'
उन्होंने आगे लिखा, 'हम इस मामले में सबसे सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं, जिसमें कोर्ट की निगरानी में CBI जांच भी शामिल है ताकि जिम्मेदार लोगों की पहचान हो सके और उन्हें बिना देर किए सजा मिल सके। हिंसा और पॉलिटिकल हत्याओं की डेमोक्रेसी में कोई जगह नहीं है और दोषियों को जल्द से जल्द जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 7 May 2026 at 07:14 IST