'मेरा सबकुछ बेरहमी से छीन लिया गया था, मैं इस आदेश के खिलाफ...', गैंगरेप के दो दोषियों को जमानत देने के SC के फैसले पर बोली बिलकिस बानो

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बिलकिस बानो ने अपने वकील के माध्यम से बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि इस आदेश की जानकारी अदालत से नहीं, बल्कि मीडिया में प्रकाशित खबरों के जरिए मिली। फैसले को सुनकर हैरान के साथ निराश भी हूं।

 
Follow :
गैंगरेप के दो दोषियों को जमानत देने के SC के फैसले पर बोली बिलकिस बानो | Image: ANI/X

बिलकिस बानो गैंगरेप और हत्या मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे दो दोषियों को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद अब कोर्ट के इस फैसले पर पीड़िता बिलकिस बानो की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने इस फैसले पर हैरानी और गहरी निराशा जताया है। उन्होंने अदालत के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें इस मामले में अपनी बात रखने का मौका तक नहीं दिया गया। बिलकिस बानो ने साफ किया है कि वह इस आदेश को चुनौती देंगी और न्याय की लड़ाई जारी रखेंगी।

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने बिलकिस बानो गैंगरेप और हत्या मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे दो दोषियों को जमानत दे दी है। दोनों ने अपनी सजा के खिलाफ 28 अक्टूबर को अपील की थी।  जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की पीठ ने इस फैसले के दौरान गौर किया कि दोनों दोषी 17 साल से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं। इनमें से एक दोषी गंभीर रूप से दिव्यांग भी है। दोनों दोषियों ने बॉम्बे हाईकोर्ट के 2017 के फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उनकी दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा बरकरार रखी गई थी।

SC के फैसले पर बिलकिस बोनो की प्रतिक्रिया

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बिलकिस बानो ने अपने वकील के माध्यम से बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि इस आदेश की जानकारी अदालत से नहीं, बल्कि मीडिया में प्रकाशित खबरों के जरिए मिली। उनका कहना है कि यह दूसरी बार है, जब उन्हें बुलाए बिना और उनका पक्ष सुने बिना उनके मामले में आदेश पारित किया गया है।

मेरा सबकुछ छीन लिया गया था- बिलकिस बोनो 

बिलकिस बानो ने अपने दर्द को बयां करते हुए कहा कि 2002 में जब उनके साथ यह भयावह घटना हुई, तब वह महज 19 साल की थीं। उस घटना में उनकी दुनिया, परिवार और इंसानियत पर भरोसा बेरहमी से छीन लिया गया था। पिछले 24 वर्षों से वह न्याय के लिए संघर्ष कर रही हैं। यह लड़ाई सिर्फ उनके अपने लिए नहीं, बल्कि देश-दुनिया की उन महिलाओं के लिए भी है, जिन्हें न्याय और सम्मान पाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है।

सालों लड़ाई लड़ने के बाद न्याय मिला था-बिलकिस बोनो 

बिलकिस बानो ने आगे कहा कि उन्होंने न्याय पाने के लिए एक के बाद एक कई अदालतों के दरवाजे खटखटाए। सालों लड़ाई लड़ी फिर जाकर अदालत से न्याय मिला था, उनका भरोसा मजबूत हुआ। परिवार और दोस्तों के सहयोग से उन्होंने अपनी जिंदगी दोबारा संवारने की कोशिश की और हमेशा शांति की कामना की। लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश ने उनके पुराने जख्म और डर फिर से ताजा कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने परिवार और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता सता रही है। उन्हें महसूस हो रहा है कि जिस न्याय के लिए उन्होंने इतनी लंबी और कठिन लड़ाई लड़ी, वह अब उनसे छीना जा रहा है।

फैसला देने से पहले मेरी बात नहीं सुनी गई-बिलकिस बोनो 

अदालत के फैसले पर सवाल उठाते हुए बिलकिस बानो ने कहा कि आखिर यह कैसे सुनिश्चित नहीं किया गया कि इस मामले में उनकी बात भी सुनी जाए? जिन दोषियों को गंभीर अपराधों में सजा सुनाई गई थी, उनकी सजा पर रोक लगाने से पहले पीड़िता को जानकारी देना और उसका पक्ष सुनना क्यों जरूरी नहीं समझा गया? उन्होंने कहा कि इस फैसले के बाद उनके मन में असुरक्षा और आशंका बढ़ गई है। उन्हें डर है कि कहीं उनके परिवार को फिर से उन मुश्किल हालात का सामना न करना पड़े, जिनसे निकलने में उन्हें वर्षों लग गए।

'मैं अपने बच्चों और दूसरी महिलाओं के लिए लड़ाई जारी रखूंगी'

आखिरी में बिलकिस बानो ने साफ शब्दों में कहा कि वह सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेंगी। उन्होंने कहा, ''मैं इस आदेश के खिलाफ लड़ूंगी। मुझे लड़ना ही होगा।'' उन्होंने अपनी तीन साल की बेटी सलीहा का जिक्र करते हुए कहा कि वह अपने बच्चों के भविष्य के लिए यह लड़ाई लड़ रही हैं, ताकि उन्हें डर और पुराने जख्मों के साये में जिंदगी न गुजारनी पड़े। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष सिर्फ उनके परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि हर उस महिला और पीड़िता के लिए है, जो न्याय की उम्मीद रखती है।

अपने बयान के अंत में बिलकिस बानो ने कहा कि किसी भी महिला, पीड़िता या नागरिक को अपनी पूरी जिंदगी सम्मान, समानता और न्याय पाने के लिए लगातार संघर्ष नहीं करना पड़ना चाहिए। उनका संदेश साफ है कि वह तमाम मुश्किलों के बावजूद न्याय की लड़ाई से पीछे हटने वाली नहीं हैं।

यह भी पढ़ें: दिल्ली के शाहदरा में बड़ा हादसा... मकान की छत गिरने से 2 की मौत
 

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 17 November 2026 at 13:49 IST