BIG BREAKING: केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के भांजों के बीच गोलीबारी, भाई ने की भाई की हत्या, बचाने आई मां को भी लगी गोली
बिहार के भागलपुर से बड़ी खबर आ रही है। यहां केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के भांजे की हत्या कर दी गई है।
बिहार के भागलपुर से बड़ी खबर आ रही है। यहां केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के भांजे की हत्या कर दी गई है। हत्या का आरोप मृतक के भाई पर ही लगा है। बताया जा रहा है कि नित्यानंद राय के दो भांजे, विश्वजीत और जयजीत, के बीच पानी को लेकर विवाद हो गया था। बहस बढ़ी और दोनों के बीच गोलीबारी हो गई। इस घटना में विश्वजीत की मौत हो गई। बीच-बचाव करने आईं मृतक की मां हिना देवी के हाथ में गोली लगी है। नित्यानंद राय का दूसरा भांजा जयजीत भी घायल है। भागलपुर के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। जयजीत की हालत नाजुक बनी हुई है। विश्वजीत और जयजीत नित्यानंद राय के बहनोई गुल्लों यादव के बेटे हैं।
जानकारी के मुताबिक मामला नवगछिया के परबत्ता थाना क्षेत्र का है। जगतपुर में दोनों भाइयों के बीच नल के पानी को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि मारपीट के बाद जयजीत ने फायरिंग कर दी। विश्वजीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। स्थानीय ग्रामीण प्रदीप कुमार ने बताया, हम बाहर थे। हमें दूसरों से जानकारी मिली। सबसे बड़ी बात यह है कि यह परिवार बहुत अच्छा है। भाई-भाई में नल के पानी को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद गोलीबारी हुई।
मां के हाथ में भी लगी गोली
इस घटना में मंत्री के एक भांजे की मौत हो गई है जबकि दूसरा भांजा गंभीर रूप से घायल है। भाइयों के विवाद में बीच बचाव करने आई मां के हाथ में भी गोली लगी है। घटना पर नौगछिया की एसपी प्रेरणा कुमार ने कहा- “हमें सूचना मिली कि जगतपुर गांव में आज सुबह करीब 7.30 बजे दो भाइयों ने एक दूसरे को गोली मार दी। घटना में एक भाई घायल हो गया और दूसरे की अस्पताल में मौत हो गई। मृतक का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि दोनों भाइयों में पानी के नल को लेकर झगड़ा हुआ था, जो इतना बढ़ गया कि उन्होंने एक दूसरे पर गोली चला दी। दोनों युवकों की पहचान विश्वजीत और जयजीत के रूप में हुई है। मामले में तुरंत कार्रवाई की गई है और बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
नित्यानंद राय के बारे में
नित्यानंद राय भारतीय जनता पार्टी के नेता हैं और केंद्र में पीएम मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के जाने-माने मंत्री हैं। वह बिहार के उजियारपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं। नित्यानंद राय मोदी सरकार में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं। वह इससे पहले केंद्रीय गृह राज्य मंत्री का पद भी संभाल चुके हैं। साल 2014 में सांसद बनने से पहले नित्यानंद राय लगातार 4 बार बिहार विधानसभा के लिए चुने गए थे।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 20 March 2025 at 13:21 IST