अपडेटेड 23 July 2024 at 16:33 IST
बिहार को स्पेशल स्टेटस नहीं तो विशेष पैकेज ही सही; बजट में ऐलान से CM नीतीश खुश,दे दिया लालू को जवाब
बिहार को बजट में विशेष पैकेज मिलने से नीतीश कुमार खुश हैं। वो विशेष राज्य की मांग से अधिक विशेष पैकेज की बात कर रहे हैं। उन्होंने लालू यादव को भी जवाब दिया है।
Nitish Kumar: बजट में बिहार को विशेष पैकेज देकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने कहीं ना कहीं उन हालातों को वक्त से पहले संभाल लिया है, जिनके बिगड़ने की संभावनाएं सोमवार को बनने लगी थीं। केंद्र सरकार ने सोमवार को बिहार को विशेष राज्य का दायरा समझाते हुए ये स्टेटस देने के साफ इनकार कर दिया था, जिससे यहां की सियासत उबाल मारने लगी थी। खासकर नीतीश कुमार को लेकर बयानबाजियां होने लगी थीं। फिलहाल बजट में विशेष पैकेज बिहार को मिलने से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी खुश हो गए हैं।
बिहार को विशेष राज्य का दर्ज दिए जाने की मांग बहुत पुरानी है। खुद नीतीश कुमार पुरजोर कोशिश इसके लिए कर चुके हैं। सोमवार को झंझारपुर से उन्हीं की पार्टी के सांसद रामप्रीत मंडल ने सरकार से जवाब मांग लिया। उसके पहले सर्वदलीय बैठक में भी जदयू ने मांग को उठाया। बावजूद इसके केंद्र सरकार ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने से इनकार कर दिया और कहा कि मौजूदा एनडीसी मानदंडों के आधार पर राज्य के लिए विशेष श्रेणी के दर्जे का मामला नहीं बनता है। इसे एक तरीके से नीतीश के लिए झटका माना गया।
दो दिन में दो बार बदला घटनाक्रम
अहम बात ये है कि नीतीश कुमार इस समय केंद्र की सरकार में सिर्फ सहयोगी नहीं है, बल्कि वो NDA की सत्ता बचाए रखने में एक किंगमेकर की भूमिका निभा रहे हैं। हालांकि सोमवार को जब उनकी उम्मीदों को झटका लगा और फिर लालू प्रसाद यादव जैसे नेताओं की तरफ से सवाल दागे गए तो केंद्र सरकार से नीतीश कुमार के नाराज हो जाने की अटकलें लगाई जाने लगी थीं। हालांकि सरकार ने विशेष पैकेज के सहारे अभी उन्हें साध लिया है।
यह भी पढ़ें: चिराग पासवान ने बजट को बताया समावेशी, बिहार को स्पेशल पैकेज देने के लिए मोदी का किया धन्यवाद
बजट में बिहार को क्या-क्या मिला?
- बिहार में विष्णुपद मंदिर और महाबोधि मंदिर को काशी विश्वनाथ कॉरीडोर के तर्ज पर विकसित किया जाएगा।
- दोनों जगहों को विश्व स्तरीय तीर्थस्थल और पर्यटन स्थल में तब्दील किया जाएगा।
- राजगीर का व्यापक विकास किया जाएगा।
- नालंदा को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। नालंदा विश्वविद्यालय को उसके गौरवशाली स्वरूप में पुनर्जीवित किया जाएगा।
- बिहार में 3 एक्सप्रेसवे बनाए जाएंगे। पटना-पूर्णिया, बक्सर-बादलपुर, बोधगया-वैशाली एक्सप्रेसवे बनेंगे।
- बक्सर में गंगा नदी पर भी दो लेन का पुल बनेगा।
- अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर पर गया में इंडस्ट्रियल नोड विकसित किया जाएगा।
बिहार को विशेष पैकेज मिलने से नीतीश खुश
बिहार को बजट में विशेष पैकेज मिलने से नीतीश कुमार खुश हैं। वो अब विशेष राज्य की मांग से ज्यादा विशेष पैकेज की तारीफ कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने बयान में कहते हैं- 'मैंने लगातार इसके (विशेष दर्जे) के लिए बात की है, मैंने उनसे (एनडीए) भी कहा है। मैंने उनसे कहा कि हमें या तो विशेष दर्जा दें या विशेष पैकेज दें। अनुवर्ती रूप से उन्होंने कई चीजों के लिए सहायता की घोषणा की है। हम विशेष दर्जे की बात कर रहे थे और बहुत से लोगों ने कहा कि विशेष दर्जे का प्रावधान बहुत पहले ही खत्म कर दिया गया है। इसलिए इसके बजाय बिहार की मदद के लिए सहायता दी जानी चाहिए। उन्होंने (केंद्र सरकार) अब इसकी शुरुआत कर दी है।'
सोमवार को लालू यादव विशेष राज्य पर केंद्र के इनकार करने पर मुख्यमंत्री नीतीश का इस्तीफा मांगने लगे थे। विशेष पैकेज मिलने पर अभी लालू यादव को भी नीतीश ने जवाब दे दिया है। नीतीश कुमार ने कहा कि आज जो लोग इतना बोल रहे हैं, पहले उनकी पार्टी भी तो केंद्र में थी। मुख्यमंत्री ने आगे ये भी कहा कि हम बिहार को विशेष दर्जा दिलाने के लिए हम लगातार बोलते रहे। हमने कहा था कि विशेष राज्य का दर्जा दीजिए या विशेष मदद दीजिए जिससे राज्य आगे बढ़ सके। केंद्र से अगर अतिरिक्त मदद मिलेगी तो फायदा मिलेगा।
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 23 July 2024 at 16:33 IST