दरभंगा में भीड़ के हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल
बिहार में दरभंगा जिले के लहेरियासराय इलाके में शनिवार को स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंचे पुलिस दल पर हमला कर दिया जिससे तीन पुलिसकर्मी घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
- भारत
- 2 min read
बिहार में दरभंगा जिले के लहेरियासराय इलाके में शनिवार को स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंचे पुलिस दल पर हमला कर दिया जिससे तीन पुलिसकर्मी घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि इस आरोपी के खिलाफ अदालत ने वारंट जारी किया गया था। पुलिस के अनुसार घायल पुलिसकर्मियों में दो अवर निरीक्षक (एसआई) और एक कांस्टेबल शामिल हैं। घायल एसआई की पहचान अमित कुमार और आर के दुबे के रूप में हुई है।
दरभंगा (सदर) के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अमित कुमार ने पत्रकारों से कहा, 'यह घटना लहेरियासराय थानाक्षेत्र के अभंडा इलाके में उस समय हुई, जब पुलिस की एक टीम एक आरोपी को गिरफ्तार करने गई थी। आरोपी के परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने अचानक पुलिस टीम पर हमला कर दिया...उन्होंने गिरफ्तार व्यक्ति को जबरन छुड़ा लिया। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘बाद में स्थानीय लोगों ने पुलिस को आरोपी के घर तक पहुंचने से रोकने के लिए गांव की सड़कों पर टायर जलाए। स्थानीय लोगों ने गांव की सड़कें भी जाम कर दीं। घायल पुलिसकर्मियों ने स्थानीय थाने को सूचना दी। आरोपी के खिलाफ अदालत ने वारंट जारी किया गया था।’’
उन्होंने बताया, “अतिरिक्त पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। शुरुआत में उन पर भी स्थानीय लोगों ने हमला किया। स्थानीय लोगों ने सुरक्षाकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। हालांकि, हल्के बल प्रयोग के बाद स्थिति को तुरंत नियंत्रण में लाया गया। दो एसआई समेत कुल तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए और उन्हें नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।'
एसडीपीओ ने कहा, 'पुलिस ने इस सिलसिले में चार लोगों को हिरासत में लिया है, जिसमें वह व्यक्ति भी शामिल है जिसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।”
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 4 January 2025 at 23:49 IST