'कल तक रिहा करो नहीं तो...', तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी पर भड़के तेजस्वी, सरकार को दी चेतावनी; PK ने भी उठाए सवाल

तेज प्रताप यादव को बेऊर जेल भेजे जाने से बिहार का सियासी पारा चढ़ गया है। तेजस्वी यादव ने सरकार को कल तक उन्हें रिहा करने की चेतावनी दी है। वहीं, प्रशांत किशोर ने भी इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए सरकार को डरी हुई बताया है।

 
Follow :
तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी पर तेजस्वी यादव और प्रशांत किशोर | Image: ANI, X

Tej Pratap Yadav Arrest: पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (JJD) के मुखिया तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी पर बिहार का सियासी पारा हाई हो गया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव अपने बड़े भाई की गिरफ्तारी पर भड़क उठे हैं। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए तेज प्रताप समेत सभी आंदोलनकारियों को तुरंत रिहा करने की मांग की है। वहीं, 'जन सुराज' के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भी पुलिस और प्रशासन की इस कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं।

तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, “जिन छात्रों ने पेपर लीक के लिए आंदोलन किया है उन सभी लोगों को हम धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने अपने अधिकार के लिए लड़ाई लड़ी है और बेहतर भविष्य के लिए लड़ाई लड़ी है और इसमें विपक्ष के सभी दलों ने समर्थन दिया है।” 

‘मुकदमे वापस लो और रिहा करो नहीं तो…’

तेजस्वी ने आगे कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी है और यहां के हर जिले से छात्र भारी संख्या में सड़कों पर उतरे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और पुलिस ने सैकड़ों-हजारों छात्र-छात्राओं पर गलत धाराएं लगाकर उन्हें हिरासत में लिया है। जब यह तय हो चुका है कि आंदोलन खत्म होने के बाद सभी पर से मुकदमे वापस लिए जाएंगे, फिर भी बिहार में जबरन केस करके लोगों को जेलों में डाला जा रहा है। हमारे कई विधायकों को उठाया गया और मेरे भाई तेज प्रताप को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने कहा कि हम सरकार को चुनौती देना चाहते हैं कि कल तक सभी लोगों के ऊपर से मुकदमे वापस लिए जाएं और उन्हें रिहा किया जाए। अगर उन्हें रिहा नहीं किया गया, तो हम एक बड़ा आंदोलन करेंगे।

July 26, 2026

‘तेज प्रताप ने कल ही हमें समर्थन देने की घोषणा की और…’

दूसरी ओर, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मैदान में उतरे 'जन सुराज' के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भी तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए। पटना में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि तेज प्रताप यादव ने कल ही हमें अपना समर्थन देने की घोषणा की थी और इसके तुरंत बाद कल रात 1:30 बजे उन्हें गिरफ्तार करके बेऊर जेल भेज दिया गया। इससे साफ पता चलता है कि ये लोग (सरकार और प्रशासन) कितने डरे हुए हैं।

प्रशांत किशोर ने प्रशासन की मंशा पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर उन्हें किस धारा के तहत गिरफ्तार किया गया है? उन्हें क्यों गिरफ्तार किया गया? पुलिस-प्रशासन को जनता के सामने इस बारे में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

July 26, 2026

क्यों हुई तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी? 

बता दें कि छात्रों के आंदोलन के समर्थन और बिहार बंद के दौरान हुए उपद्रव के आरोप में पुलिस ने शनिवार (25 जुलाई) को तेज प्रताप यादव को गिरफ्तार किया। वे शाम के समय एक मॉल में थे, जब पटना पुलिस की एक टीम वहां पहुंची और उन्हें अपने साथ ले गई। गिरफ्तारी के बाद देर रात ही तेज प्रताप को कोर्ट में पेश किया गया और उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत के लिए बेऊर जेल भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें: 'नॉमिनेशन के दिन मुझे उठाया, अब तेज प्रताप यादव को... अपराध क्या किया?', JJD मुखिया की गिरफ्तारी पर भड़कीं वीणा मानवी, वकील ने क्या कहा?

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 26 July 2026 at 14:52 IST