अपडेटेड 16 November 2025 at 14:03 IST
'किडनी देकर मैंने गुनाह कर दिया...', नए पोस्ट में रोहिणी आचार्य ने क्यों कहा- भूल कर भी अपने भगवान रूपी पिता को ना बचाएं
लालू-राबड़ी की बेटी रोहिणी आचार्य ने आज सिलसिलेवार तरीके से दो पोस्ट किए जिसमें परिवार में खराब संबंधों की परतें खुलती दिख रही हैं।
Rohini Acharya: बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी की करारी हार के बाद लालू परिवार में कलह बढ़ गई है। लालू-राबड़ी की बेटी रोहिणी आचार्य ने आज सिलसिलेवार तरीके से दो पोस्ट किए जिसमें परिवार में खराब संबंधों की परतें खुलती दिख रही हैं। रोहिणी ने तेजस्वी यादव, संजय यादव और रमीज पर गंभीर आरोप लगाए।
रोहिणी ने कहा कि उन्हें गालियां दी गई और कहा गया कि उन्होंने अपनी गंदी किडनी पिता (लालू यादव) को लगवा दी। यह किडनी भी करोड़ों रुपये और टिकट लेने के बाद लगवाई गई। रोहिणी ने कहा कि उनसे गुनाह हो गया कि उन्होंने अपना घर-परिवार और बच्चों को छोड़ पिता को प्राथमिका दी और उन्हें बचाया।
'करोड़ों रूपए और टिकट लेकर गंदी किडनी लगवाई…'
रोहिणी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर पोस्ट कर लिखा, 'कल मुझे गालियों के साथ बोला गया कि मैं गंदी हूं और मैंने अपने पिता को अपनी गंदी किडनी लगवा दी, करोड़ों रूपए लिए, टिकट लिया तब गंदी किडनी लगवाई... सभी बेटी-बहन, जो शादीशुदा हैं उनको मैं बोलूंगी कि जब आपके मायके में कोई बेटा-भाई हो, तो भूल कर भी अपने भगवान रूपी पिता को नहीं बचाएं, अपने भाई, उस घर के बेटे को ही बोले कि वो अपनी या अपने किसी हरियाणवी दोस्त की किडनी लगवा दे।'
किडनी देने का गुनाह मुझसे हो गया- रोहिणी
रोहिणी ने आगे कहा, ‘सभी बहन-बेटियां अपना घर-परिवार देखें, अपने माता-पिता की परवाह किए बिना अपने बच्चे, अपना काम, अपना ससुराल देखें, सिर्फ अपने बारे में सोचें। मुझसे तो ये बड़ा गुनाह हो गया कि मैंने अपना परिवार, अपने तीनो बच्चों को नहीं देखा , किडनी देते वक्त न अपने पति, न अपने ससुराल से अनुमति ली। अपने भगवान, अपने पिता को बचाने के लिए वो कर दिया जिसे आज गंदा बता दिया गया। आप सब मेरे जैसी गलती कभी ना करे, किसी घर रोहिणी जैसी बेटी ना हो।’
जलील किया और गंदी गालियां दी- रोहिणी
इससे पहले पोस्ट में उन्होंने कहा था कि 'कल एक बेटी, एक बहन, एक शादीशुदा महिला, एक मां को जलील किया गया, गंदी गालियां दी गईं, मारने के लिए चप्पल उठाया गया। लेकिन मैंने अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया, सच का समर्पण नहीं किया। सिर्फ और सिर्फ इस वजह से मुझे बेइज्जती झेलनी पड़ी। एक बेटी मजबूरी में अपने रोते हुए मां-बाप, बहनों को छोड़ आई, मुझसे मेरा मायका छुड़वाया गया। मुझे अनाथ बना दिया गया। आप सब मेरे रास्ते कभी ना चलें, किसी घर में रोहिणी जैसी बेटी-बहन पैदा ना हो'
परिवार और राजनीति छोड़ने का ऐलान
बता दें कि शनिवार, 16 नवंबर को रोहिणी यादव ने तेजस्वी यादव के करीबी संजय यादव और रमीज नेमत पर परिवार में टूट डालने का आरोप लगाते हुए परिवार और राजनीति छोड़ने का ऐलान कर दिया था।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 16 November 2025 at 13:03 IST