अपडेटेड 7 February 2026 at 06:59 IST

Patna: हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद आधी रात पूर्णिया सांसद पप्पू यादव गिरफ्तार, बोले- पता नहीं मेरे साथ क्या होगा; आज कोर्ट में होगी पेशी

Pappu Yadav arrest: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को 31 साल पुराने एक मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। देर रात पटना पुलिस सांसद के आवास पहुंची, जहां हाईवोल्टेज ड्रामे और घंटों की मशक्कत के बाद सांसद को अरेस्ट किया गया।

Follow :  
×

Share


पप्पू यादव हुए गिरफ्तार | Image: ANI

Pappu Yadav Arrest: पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को 31 साल पुराने एक मामले में अरेस्ट कर लिया है। पटना पुलिस शुक्रवार (6 फरवरी) देर रात गिरफ्तारी के लिए उनके आवास पहुंची। इस दौरान वहां हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। पप्पू के समर्थकों और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई। सांसदों के समर्थकों ने काफी हंगामा और नारेबाजी की। घंटों की मशक्कत के बाद पटना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया और आज (7 फरवरी) को कोर्ट में पेश करने वाली है।

मामला 1995 में पटना के एक घर पर कब्जा करने से जुड़ा है, जिसमें राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव किराए पर रहने गए थे। आरोप है कि किराए के घर में उन्होंने पहले अपना दफ्तर खोला, फिर उस पर कब्जा कर लिया। इसे लेकर मकान मालिक ने उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई थी।

गिरफ्तारी के बाद क्या बोले पप्पू यादव? 

गिरफ्तारी के बाद सांसद पप्पू यादव ने कहा कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है और उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता है। पत्रकारों से बात करते हुए सांसद ने कहा, "मुझे नहीं पता कि मेरे साथ क्या होगा।"

‘ऐसा लगा कि पुलिस मुझे मारने आई है’

वहीं, अपनी गिरफ्तारी से पहले उन्होंने ANI से बात करते हुए यह कहा था कि उन्हें संदेह है कि पुलिस उन्हें नुकसान पहुंचा सकती है और उन्होंने कहा कि वह पुलिस स्टेशन जाने के बजाय सीधे अदालत जाना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि अदालत ने उन्हें अगले दिन तलब किया था और सुझाव दिया था कि उन्हें नजरबंद किया जा सकता है।

पप्पू ने पुलिस के सादे कपड़ों में आने पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें पहले लगा था कि पुलिस उन्हें जान से मारने आई है। मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस स्तर पर उनकी गिरफ्तारी की क्या जरूरत है।

पटना के SP ने क्या कहा? 

गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव  पुलिस ने स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के मद्देनजर निर्दलीय सांसद को IGIMS अस्पताल में भर्ती कराया। पटना के SP सिटी भानु प्रताप सिंह ने बताया, "1995 का एक मामला है जो पूर्ववर्ती IPC थी, BNS के स्थान पर उसके तहत 419, 420, 468, 448, 506 और 120बी, इसके तहत गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा रही है। यह गर्दनीबाग थाने का मामला है। इसमें न्यायालय द्वारा ट्रायल केस चल रहा था जिसमें सांसद को उपस्थित होना था लेकिन वे तय तारीख पर उपस्थित नहीं हुए थे। इस कारण उनकी गिरफ्तारी की जा रही है।"

बता दें कि इस मामले में अदालत ने पप्पू यादव को कई बार समन जारी किया, लेकिन वह सुनवाई के लिए पेश नहीं हुए। अदालत ने दो दिन पहले उनकी संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया था। साथ ही उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। 

यह भी पढ़ें: नोएडा में युवराज तो दिल्ली में कमल... 20 दिनों में NCR में ऑफिस से लौट रहे दो युवकों की खुले गड्ढे में गिरकर मौत, जिम्मेदार कौन?

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 7 February 2026 at 06:59 IST