अपडेटेड 21 March 2025 at 17:22 IST

Bihar News: राष्ट्रगान के अनादर को लेकर नीतीश कुमार के खिलाफ अदालत में याचिका दायर

बिहार के मुजफ्फरपुर की अदालत में एक याचिका दायर की गई जिसमें नीतीश कुमार पर पटना में एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान का अनादर करने का आरोप लगाया गया है।

Follow :  
×

Share


नीतीश कुमार के खिलाफ अदालत में याचिका दायर | Image: X

Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर की एक अदालत में शुक्रवार को एक याचिका दायर की गई जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर पटना में एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान का ‘‘अनादर’’ करने का आरोप लगाया गया है। याचिका एक स्थानीय वकील सूरज कुमार ने मुजफ्फरपुर के अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (पश्चिम) की अदालत में दायर की है।

वकील ने याचिका दायर करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को एक खेल आयोजन के उद्घाटन के दौरान अपने आचरण से राज्य की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचायी। अदालत से पुलिस को मुख्यमंत्री के खिलाफ बीएनएस और राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने का निर्देश देने का आग्रह किया गया है।" उन्होंने बताया कि अदालत ने मामले की सुनवाई 25 मार्च को करना निर्धारित किया है।

क्या है पूरा मामला?

एक कथित वीडियो सामने आया है जिसमें यहां पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बृहस्पतिवार को एक कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान, नीतीश कुमार मंच पर बगल में खड़े अपने प्रधान सचिव दीपक कुमार से हंसते और बात करते नजर आ रहे हैं। कथित वीडियो में राष्ट्रगान के दौरान कुमार हंसते हुए अपने प्रधान सचिव के कंधे को थपथपाते और कुछ बोलते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने दर्शकों में से किसी की ओर हाथ जोड़कर नमस्कार भी किया। इससे पहले, कार्यक्रम के दौरान ही जैसे ही राष्ट्रगान की घोषणा हुई, नीतीश कुमार अचानक मंच से उतरकर प्रतिभागियों से मिलने चले गए ।

यह भी पढे़ं: 'हमने हिम्मत तो की', कश्मीर पर शाह ने छाती ठोककर दिया ऐसा जवाब कि...

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 21 March 2025 at 17:22 IST