पटनाः बारात आते ही फायरिंग करने लगे लड़के, तभी 16 वर्षीय किशोर को लगी गोली; इलाज के दौरान मौत
पटना के फतुहा गांव में शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में 16 साल के किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। जानें क्या है पूरा मामला? हर्ष फायरिंग कानूनन अपराध है बावजूद इसके लोग बिना समझे हवा में गोली चलाते हैं? ऐसी फायरिंग पर सख्त कदम उठाने की जरूरत है, क्योंकि ये जानलेवा है। पढ़ें पूरी खबर।
Patna crime news: पटना के एक गांव में शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब हर्ष फायरिंग के दौरान एक 16 साल के लड़के की मौत हो गई। फतुहा के डुमरी गांव में हुई इस दुखद घटना ने एक बार फिर शादी-समारोहों में अवैध हथियारों के प्रदर्शन और 'हर्ष फायरिंग' की खतरनाक चलन को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
कैसे हुई घटना?
मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार रात डुमरी गांव में एक परिवार में शादी थी। बारात का स्वागत बड़े धूमधाम से हो रहा था और DJ की धुन पर बाराती नाच रहे थे। इसी दौरान, जश्न का माहौल उस वक्त भयावह हो गया जब कुछ युवकों ने अवैध कट्टा निकालकर हवा में फायरिंग शुरू कर दी। इसी बीच, एक गोली वहां खड़े 16 साल के रवि कुमार को जा लगी। गोली लगते ही रवि जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर अफरातफरी मच गई।
रवि ने अस्पताल में तोड़ा दम
रवि को गोली लगते ही परिजन उसे तुरंत घायल अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, इलाज के दौरान रवि ने दम तोड़ दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे डुमरी गांव में सन्नाटा पसर गया।
फायरिंग करने वाला आरोपी और उसके साथी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार और फतुहा एसडीपीओ-1 अवधेश कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गोलू और उसके सहयोगी न्यूटन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कट्टा और एक खोखा भी बरामद किया है। मामले में तीसरा आरोपी सोनू अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
कानूनन अपराध है हर्ष फायरिंग
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। स्थानीय प्रशासन ने एक बार फिर जनता से अपील की है कि शादी-समारोहों में इस तरह का गैर-जिम्मेदाराना प्रदर्शन न करें। हर्ष फायरिंग कानूनन अपराध है और अक्सर ऐसे आयोजनों में यह जानलेवा साबित होती है। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 27 April 2026 at 21:02 IST