CM नीतीश कुमार से जुड़े हिजाब विवाद पर ऐसा क्या बोले गिरिराज सिंह, सुन भड़क गए पप्पू यादव, कहा- चुल्लू भर पानी में...
Nitish Kumar Hijab Row: सीएम नीतीश कुमार से जुड़े हिजाब विवाद में गिरिराज सिंह और संजय निषाद ने उनका समर्थन करते हुए कुछ ऐसा कह दिया, जिस पर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव भड़क गए। उनके बयान पर नाराजगी जताते हुए पप्पू ने दोनों से माफी मांगने को कहा है।
Bihar news: बिहार के CM नीतीश कुमार के हिजाब विवाद पर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। उन पर चौतरफा हमले हो रहे हैं और माफी की मांग भी उठ रही है। इस बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और संजय निषाद ने उनके समर्थन में कुछ ऐसा कह दिया, जिसको लेकर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव उन दोनों पर भड़क उठे और उन पर तीखा हमला बोला।
हाल ही में CM नीतीश कुमार ने सरकारी कार्यक्रम में एक मुस्लिम महिला का हिजाब हटाने की कोशिश की, जिसका वीडियो सामने आते ही हंगामा खड़ा हो गया। इस पर गिरिराज सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इसमें गलत क्या है? ये भारत देश है, कोई इस्लामिक स्टेट नहीं है। यहां कानून का राज चलता है।
‘गिरिराज टाइप लोगों की चर्चा…’
उनके इस बयान पर अब पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव बरस पड़े हैं। उन्होंने गिरिराज सिंह और मंत्री संजय निषाद पर तीखा हमला बोला। पप्पू यादव ने कहा कि गिरिराज सिंह क्या बोलते हैं, इस पर चर्चा करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, "गिरिराज क्या बोलते हैं, जहन्नुम में जाएं। गिरिराज टाइप के लोगों के बारे में हमको चर्चा नहीं करनी। चुल्लू भर पानी में डूब कर मर जाना चाहिए।"
गिरिराज और संजय निषाद को माफी मांगनी चाहिए- पप्पू यादव
पप्पू यादव ने आगे कहा, "संजय निषाद ने जिस तरह से आग में घी डालने का काम किया, जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग किया है, वह बहुत ही गलत है। गिरिराज सिंह और संजय निषाद को माफी मांगनी चाहिए। मैं समझता हूं कि नीतीश कुमार का इरादा गलत नहीं था। पहले ही ये प्रकरण खत्म हो चुका था, लेकिन इसके बाद संजय निषाद जिस तरह की बात कर रहे हैं, क्या उनके घर में मां-बेटी नहीं है? या उन्हें लोक लाज नहीं है, शर्म नहीं आती? जब इस तरह की बातें करते हैं तो क्या इन्हें अपनी बेटी, बहन या मां याद नहीं आती?"
उन्होंने कहा कि दोनों को माफी मांगनी चाहिए। संजय निषाद माफी नहीं मांगते तो उन्हें बर्खास्त किया जाना चाहिए और गिरिराज सिंह से तो आप उम्मीद ही मत कीजिए। गोबर पर कितना भी घी डाल दीजिए, क्या फर्क नहीं पड़ता। यह उनकी आदत है, उनकी दुकान चलनी चाहिए।
पप्पू यादव ने माना कि उस घटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का इंटेंशन गलत नहीं था। उन्होंने जो किया वह उस समुदाय के लिए सही नहीं है।
क्या कहा था गिरिराज सिंह ने…?
इससे पहले CM नीतीश कुमार का बचाव करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा था कि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया है। कोई नियुक्ति पत्र लेने के लिए जा रहा है तो क्या वो अपना चेहरा नहीं दिखाएगी? ये कोई इस्लामिक देश है? आप पासपोर्ट लेने जानते हो, एयरपोर्ट पर चेहरा दिखाते हो या नहीं। भारत में कानून का राज चलेगा। नीतीश कुमार ने सही किया। जब पत्रकारों ने उनसे कहा कि लड़की ने नौकरी लेने से इनकार कर दिया है तो इस पर वो बोले कि वह नौकरी रिफ्यूज करें या जहन्नुम में जाए।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 18 December 2025 at 16:09 IST