धुआं-धुआं ICU, जिंदगी की भीख मांगते मरीज और मौत की चीखें...अस्‍पताल में लोगों को जलता छोड़ भाग गए थे कर्मचारी, मुजफ्फरपुर अग्निकांड में खुलासा

बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित प्रसाद अस्पताल में लगी आग मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल वाले जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे मरीजों को छोड़कर भाग गए। इस दौरान परिजनों ने जैसे-तैसे कुछ मरीजों को मौके से बाहर निकाला।

 
Follow :

Bihar Hospital Fire: बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित प्रसाद अस्पताल में भीषण आग लगने से अब तक 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। हादसे के वक्त अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि मुस्तैदी दिखाते हुए 20 से अधिक मरीजों को रेस्क्यू किया गया है। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ भारी आक्रोश है। परिजनों का आरोप है कि आग लगते ही अस्पताल का स्टाफ मरीजों को उनके हाल पर जलता हुआ छोड़कर मौके से फरार हो गया।

दरअसल, प्रसाद अस्पताल में गुरुवार तड़के करीब 3 बजे आग भड़की। शुरुआती जानकारी में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस हादसे के बाद मौके पर मौजूद मरीज के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

परिजनों ने मरीजों को बाहर निकाला

एक मरीज के परिजन के मुताबिक, आग की लपटों के बीच उन्होंने खुद अंदर जाकर मरीजों को बाहर निकाला। इस दौरान अस्पताल का कोई भी स्टाफ मदद के लिए मौके पर मौजूद नहीं था।  

'वेंटीलेटर सपोर्ट पर था भाई, हो गई मौत'

वहीं एक बुजुर्ग ने कहा कि उनकी बहन अस्पताल में भर्ती थीं, जिनकी मौत हो गई है। अस्पताल में पहुंचे अधिकारियों को मरीज के एक परिजन ने बताया कि आईसीयू में लगभग 25 से 26 लोग भर्ती थे। उन्होंने इन में से पांच को मौके से बाहर निकाला। उनके मुताबिक, उन्होंने अपने भाई को भी निकाला जो वेंटीलेटर सपोर्ट पर था। हालांकि, उसकी मौत हो गई है।

इस दौरान मौके पर रोती-बिलखती एक महिला का कहना है कि उनके ससुर का एक्सीडेंट हुआ था और उन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। लेकिन जब वो वहां पहुंची तो वो जल चुके थे।

ICU में जलते मरीजों को छोड़ भाग गए डॉक्टर-कर्मचारी

एक पीड़ित परिजन ने बताया कि उनके पिता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थे। उनका आरोप है कि आग लगने के बाद डॉक्टर समेत कर्मचारी सभी मरीजों को उनके हाल पर छोड़कर भाग गए और उनके पिता की मौत हो गई। इस भीषण अग्निकांड में अपनों को खोने वाले परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अब तक 4 लोगों की मौत- SSP

मुजफ्फरपुर के SSP कांतेश कुमार मिश्रा के मुताबिक, इस अग्निकांड में अबतक 4 लोगों की जान जा चुकी है। हमारी कोशिश है कि सभी मरीजों की जान बचाई जा सके। भारी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा अतिरिक्त बल भी पुलिस लाइन से मंगाया गया है। जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक पुलिस फोर्स की तैनाती रहेगी। 

यह भी पढ़ें: Bihar Hospital Fire: मुजफ्फरपुर के प्रसाद अस्पताल में लगी आग, 3 मरीजों के मौत; कई की हालत गंभीर

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 4 June 2026 at 08:47 IST