Advertisement

बिहार में सुबह-सुबह ट्रेन हादसा, दिल्ली जा रही महानंदा एक्सप्रेस की इंजन समेत 2 बोगियां बेपटरी, मची अफरा-तफरी

बिहार के आरा रेलवे स्टेशन के पास महानंदा एक्सप्रेस के डिरेल होने की खबर सामने आई है। इंजन समेत दो बोगियां बेपटरी हो गई। फिलहाल डिरेल हुई बोगियों की मरम्मत का काम जारी है।

 
Follow :
Train Derailed in Bihar | Image: ANI

Train Derail in Bihar: बिहार में रविवार सुबह-सुबह बड़ा हादसा हुआ है। अलीपुरद्वार से दिल्ली जा रही महानंदा एक्सप्रेस डिरेल हो गई। बताया जा रहा है कि इंजन, ट्रेन की एसएलआर और H-1 बोगी डिरेल हुई है। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। 

जानकारी के मुताबिक, यह घटना पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड पर हुई है। इसके बाद ट्रेन में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आनन-फानन में रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

September 6, 2026

राहत एवं बचाव कार्य शुरू 

रिपोर्ट्स के अनुसार, महानंदा एक्सप्रेस रविवार सुबह करीब 4:12 बजे आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची थी। स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना होने के कुछ ही दूरी बाद, करीब 200 मीटर आगे बढ़ते ही ट्रेन डिरेल हो गई। इस हादसे में ट्रेन के इंजन सहित एसएलआर (SLR) और एच-1 (H1) कोच पटरी से उतर गए। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। 

दिल्ली रूट की बजाय सासाराम लाइन पर चली गई ट्रेन

बताया जा रहा है कि ट्रेन को मेन लाइन से गुजरना था, लेकिन वह सासाराम रेल लाइन की ओर चली गई। इसी बीच ट्रेन के बेपटरी होने की खबर सामने आ रही है। हालांकि, डिरेल के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। रेलवे अधिकारी इसकी तकनीकी जांच करने में जुट गए हैं। 

हादसे पर क्या बोले स्टेशन प्रबंधक?

आरा जंक्शन के स्टेशन प्रबंधक एन.के. राय ने बताया, 'बोगियों के बेपटरी होने के बाद तुरंत हमने अधिकारी से बात की और यात्रियों को उतारकर घोषणा की और उन्हें स्टेशन प्लेटफॉर्म तक लेकर आए। गाड़ी को लगभग 7:20 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना किया गया। दो बोगियां डिरेल हुई हैं। ये घटना सुबह लगभग 4:15 मिनट की है। अभी स्थिति सामान्य है। जांच के बाद पता चलेगा कि क्या कारण था।

September 6, 2026

बेपटरी बोगियों को पटरी पर लाने का काम जारी

फिलहाल बेपटरी हुई बोगियों को दोबारा पटरी पर लाने का काम चल रहा है। इस कारण दिल्ली-हावड़ा रूट प्रभावित हुआ है। वंदे भारत, गांधी धाम, विभूति एक्सप्रेस, इंटरसिटी, गरीब रथ, कैप्टल एक्सप्रेस, उधना एक्सप्रेस, पैसेंजर समेत अन्य ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

यह भी पढ़ें: 'अभी जिंदगी SRCC मोड पर चल रही, कैंपस की चाय, कोल्ड कॉफी...', Gen-Z से संवाद में ऐसा क्यों बोले PM मोदी? छात्रों को दिया जीवन का मूल मंत्र

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 6 September 2026 at 08:14 IST