Bihar: बैरिकेडिंग टूटी, मची चीख पुकार...सावन के अंतिम सोमवार पर मधेपुरा के सिंहेश्वर मंदिर में भगदड़, कई श्रद्धालु घायल
सावन के आखिरी सोमवार पर बिहार के मधेपुरा जिले में सिंहेश्वर मंदिर में भगदड़ मच गई, जिसमें कई श्रद्धालु घायल हो गए हैं। अफरा-तफरी की स्थिति के बीच प्रशासन ने मोर्चा संभाला और भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की। घटना सुबह करीब 6:25 से 7 बजे के बीच की बताई जा रही है।
- भारत
- 2 min read
सावन के आखिरी सोमवार पर बिहार के मधेपुरा जिले में सिंहेश्वर मंदिर में भगदड़ मच गई, जिसमें कई श्रद्धालु घायल हो गए हैं। अफरा-तफरी की स्थिति के बीच प्रशासन ने मोर्चा संभाला और भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की। घटना सुबह करीब 6:25 से 7 बजे के बीच की बताई जा रही है। मंदिर में प्रवेश के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ बेकाबू होने लगी। भगदड़ जैसी स्थिति बन गई इस दौरान कुछ श्रद्धालु नीचे गिर गए। कई लोगों क भीड़ में दबने से चोट लगी।
घायलों को इलाज के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक घायल श्रद्धालुओं में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। फिलहाल सभी का इलाज चल रहा है। घटना के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं। मंदिर में श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना फिर से सामान्य तरीके से चल रही है।
बैरिकेडिंग टूटी, मची भगदड़
भीड़ के दबाव में प्रशासन की बैरिकेडिंग भी टूट गई। इस दौरान लगभग आधा दर्जन श्रद्धालु गिरकर घायल हो गए। भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान ड्यूटी में तैनात एक पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गया। बताया गया कि भीड़ के दबाव में उनकी वर्दी तक फट गई।
भीड़ प्रबंधन पर उठे सवाल, सुरक्षा की गई सख्त
इस अप्रिय घटना के बाद जिला प्रशासन ने पूरे मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद कर दिया है। अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है और भीड़ की आवाजाही पर सीसीटीवी व ड्रोन के जरिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है। हालांकि, इस घटना ने मंदिर में भीड़ प्रबंधन के पूर्व-निर्धारित दावों और सुरक्षा इंतजामों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और मंदिर में पूजा-अर्चना सुचारू रूप से जारी है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे किसी तरह की जल्दबाजी न करें और कतार में रहकर सुरक्षाकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 24 August 2026 at 11:05 IST