Bihar: कैबिनेट विस्तार के अगले दिन ही पटना में बवाल, TRE 4 अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज, VIDEO

Patna TRE-4 Candidates Beaten By Police: बिहार की राजधानी पटना में शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE) 4.0 के अभ्यर्थियों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज की खबर सामने आई है।

Follow :  
×

Share


Patna TRE-4 Candidates Beaten By Police | Image: ANI

Patna TRE-4 Candidates Beaten By Police: बिहार में नई कैबिनेट के शपथ ग्रहण के महज 24 घंटे बाद ही राजधानी पटना की सड़कें रणक्षेत्र बन गईं। शुक्रवार को BPSC TRE 4.0 (शिक्षक भर्ती परीक्षा) के हजारों अभ्यर्थी विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन करने उतरे, जिन्हें तितर-बिटर करने के लिए पुलिस ने बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया। इस घटना में कई छात्रों के सिर फट गए हैं और एक अभ्यर्थी का पैर टूटने की खबर है।

क्यों आक्रोशित हैं अभ्यर्थी?

प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि सरकार और बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) उन्हें 'धोखा' दे रहे हैं। अभ्यर्थियों के अनुसार, बीपीएससी परीक्षा नियंत्रक ने 16 अप्रैल को एक पॉडकास्ट में दावा किया था कि 3-4 दिनों में विज्ञापन आ जाएगा और 25 अप्रैल से आवेदन शुरू होंगे।
आज 8 मई बीत जाने के बाद भी पोर्टल पर कोई आधिकारिक सूचना नहीं है। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे जमीन गिरवी रखकर तैयारी कर रहे हैं और भर्ती में हो रही देरी उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। TRE 4.0 के तहत कुल 46,595 पदों पर बहाली होनी है, लेकिन ये कब तक होगी, इसका कोई अतापता नहीं है। 

पटना कॉलेज से जेपी गोलंबर तक का ‘विरोध मार्च’

बता दें, हजारों की संख्या में छात्र पटना कॉलेज परिसर में जुटे और वहां से बीपीएससी कार्यालय की ओर मार्च शुरू किया। जब छात्र गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर पहुंचे, तो पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। छात्रों द्वारा बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश करने पर पुलिस ने उन पर लाठियां भांजीं। 

साथ ही मौके पर वाटर कैनन, आंसू गैस के गोले और तीन बसों में भरकर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। खुद पटना SSP कार्तिकेय शर्मा मोर्चा संभाले हुए थे। यहां लाठीचार्ज के बाद भगदड़ मच गई। कई छात्रों के लहूलुहान होने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसके बाद छात्र नेता दिलीप ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। 

नवनियुक्त शिक्षा मंत्री के सामने पहली चुनौती

गुरुवार को ही शपथ लेने वाले बिहार के नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के लिए यह पहला बड़ा संकट है। उन्होंने छात्रों को शांत करने का प्रयास करते हुए कहा है, “टीआरई-4 की वैकेंसी बिल्कुल नहीं फंसेगी, उसे लेकर बैठकें चल रही हैं। हम जल्द ही सकारात्मक फैसला लेंगे। जो लोग प्रदर्शन कर रहे हैं, उनकी समस्या का समाधान प्राथमिकता पर है।”

ये भी पढ़ें:  West Bengal New CM: शुभेंदु अधिकारी की होगी ताजपोशी! सीएम के साथ दो डिप्टी सीएम वाला फॉर्मूला लगभग तय; ये नेता बन सकते हैं मंत्री

पब्लिश्ड 8 May 2026 at 14:34 IST