Khan Sir: रात भर दबिश, सारे ठिकाने खंगाले, कुछ अता-पता नहीं...आखिर कहां हैं खान सर, क्या कोर्ट में करेंगे सरेंडर? आर्म्स एक्ट का है मामला
खान सर पर उनके गार्ड्स की तरफ से फायरिंग मामले में गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। हालांकि, वह अपने कोचिंग सेंटर में नहीं मिले। पुलिस उन्हें तलाश रही है। इस बीच, कहा जा रहा है कि वह कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं।
- भारत
- 3 min read
Khan Sir Coaching Firing: पटना के फेमस टीचर खान सर उर्फ फैजल खान के कोचिंग सेंटर में कथित हमले का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कदमकुआं थाने में खान सर के खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। इसके बाद से ही खान सर अपने कोचिंग सेंटर पर नहीं मिले। बताया जा रहा है कि उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि पुलिस की छापेमारी से बचने के लिए वह आज पटना कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस शुक्रवार की रात खान सर के कोचिंग पर पहुंची थी, लेकिन वो मौके पर नहीं मिले। पुलिस खान सर को खोजने में लगी हुई है। साथ ही कोचिंग सेंटर के बाहर भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। शुक्रवार देर रात से शनिवार की सुबह तक ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ कोचिंग सेंटर के बाहर बड़ी संख्या में छात्रों का जुटान लगा है। खान सर की संभावित गिरफ्तारी की खबरों से उनके छात्र बेहद हैरान-परेशान हैं।
खान सर समेत दो गार्ड्स के खिलाफ नामजद FIR दर्ज
इससे पहले सोशल मीडिया पर एक फायरिंग का वीडियो वायरल हुआ था। इसकी जांच के बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए खान सर समेत उनके दो सिक्योरिटी गार्ड्स के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की। पुलिस एफआईआर के अनुसार, 2 जून की रात करीब साढ़े 10 बजे कुछ लोग किसान कोल्ड स्टोरेज के पास स्थित खान ग्लोबल एकेडमी के बाहर पहुंचे। आरोप है कि भीड़ ने गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट की और वहां लगे बैनर भी फाड़े।
खान सर के आदेश पर चलाई गई थी गोलियां?
इतना शोर-शराबा सुनकर खान सर अपने सिक्योरिटी गार्ड्स और अन्य सहकर्मियों के साथ बाहर निकले। गिरफ्तार हो चुके दोनों सिक्योरिटी गार्ड्स ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उग्र भीड़ को देखते हुए खान सर ने चिल्लाते हुए कहा कि 'देख क्या रहे हो, भीड़ पर अविलंब फायर करो, जो होगा मैं समझ लूंगा।' इसके बाद दोनों गार्ड्स ने हवा में दो-दो राउंड फायरिंग की। इस फायरिंग का वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
दोनों गार्ड्स गिरफ्तार, खान सर को तलाश रही पुलिस
खान सर ने वीडियो में दिख रहे दोनों सिक्योरिटी गार्ड्स की पुष्टि की कि ये उन्हीं के गार्ड्स हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों गार्ड्स को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से 315 बोर की राइफल और मैगजीन में 3 लाइव राउंड बरामद हुए। पुलिस ने दोनों को आम जनता में जान बूझकर डर और दहशत पैदा करने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस खान सर उर्फ फैजल खान की तलाश कर रही है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 6 June 2026 at 07:27 IST