'आप कहेंगे, सम्राट चौधरी ने मेरे भाई को ठोकवा दिया, अपने भाइयों को सचेत कर दीजिए वरना...', जमुई छेड़छाड़ कांड पर जीतन राम मांझी ने तेजस्वी को घेरा
जमुई छेड़छाड़ की घटना पर पुलिस कार्रवाई को लेकर पूर्व CM और HAM प्रमुख जीतन राम मांझी ने सम्राट चौधरी के शासन की तारीफ करते हुए तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है।
- भारत
- 4 min read
बिहार के जमुई जिले में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और वायरल वीडियो के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य आरोपी नंदन यादव का हाफ एनकाउंटर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब पुलिस की इस कार्रवाई पर सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है। पूर्व CM और HAM प्रमुख जीतन राम मांझी ने सम्राट चौधरी के शासन की तारीफ करते हुए तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है।
जमुई की घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर हमला कर रहे थे। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद बिहार सरकार लगातार विपक्ष के निशाने पर थे। बिहार में महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे थे। अब पुलिस की कार्रवाई के बाद हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के संस्थापक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने तेजस्वी यादव को निशाने पर लिया है।
मांझी का तेजस्वी पर तंज
मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “HAM बोलते नहीं, करके दिखलाते हैं। जमुई वाले मामले की जानकारी तो सबको लग ही गई होगी। पर इसमें हम आपको लेटेस्ट जानकारी दे देते हैं। तेजस्वी जी कहते रहे हैं ना कि बिहार-यूपी का हर ‘यादव’ उनका भाई है। तो उन्हीं भाइयों में से कुछ भाइयों ने जमुई में लड़की छेड़कर वीडियो बनाया था ताकि हमारी सरकार को बदनाम किया जा सके।“
सम्राट का सुशासन है भाई-मांझी
मांझी ने आगे लिखा, "अब तेजस्वी यादव कहेंगें 'देखिए ना सम्राट चौधरी ने मेरे भाई को ठोकवा दिया।' मैं अभी भी कहूंगा तेजस्वी जी अपने भाईयों को सचेत कर दिजिए,नहीं तो सम्राट की सरकार किसी को बख़्शने वाली नहीं है। “सम्राट का सुशासन” है भाई…"।
तेजस्वी यादव ने जमुई की घटना पर क्या कहा?
जमुई में हुई छेड़छाड़ की घटना को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा, "यह वाकई बहुत दुखद घटना है। हमें बहुत शर्म आ रही है। लेकिन ऐसा लगता है कि सरकार ने ऐसी घटनाओं को लेकर शर्म या मर्यादा का भाव पूरी तरह खो दिया है। इससे आज बिहार में लड़कियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। चाहे दिन हो या रात; कॉलेज, स्कूल, सड़क, हॉस्टल या फिर घर के अंदर या बाहर-बिहार में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार बढ़े हैं, इससे इनकार नहीं किया जा सकता।"
"आज बिहार में किसी भी लड़की से पूछ लीजिए; कोई भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करती, यही सच्चाई है। सबसे दुखद बात यह है कि कार्रवाई करने के बजाय, सरकार और पुलिस इन मामलों को दबाने और छिपाने का काम करती है। पीड़ितों को न्याय दिलाने के बजाय, वे मामलों को रफा-दफा करने पर ध्यान देते हैं। यह बेहद शर्मनाक है। बिहार में पूरी तरह से अराजकता-गुंडा-राज-का बोलबाला हो गया है।"
मुख्य आरोपी का एनकाउंटर
बता दें कि बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ हुई बदसलूकी और छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव समेत 7 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। मख्य आरोपी नंदन यादव के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
क्या है पूरा मामला?
यह शर्मनाक घटना 19 सितंबर की है। 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा अपने दोस्त के साथ कोचिंग से पढ़ाई करके घर लौट रही थी। जमुई के मड़वा पहाड़ी इलाके के पास कुछ शोहदों ने जबरन उनका रास्ता रोक लिया। मनचलों ने छात्रा के साथ बदसलूकी और अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। जब छात्रा के दोस्त ने विरोध करने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। पीड़ित छात्रा और उसका दोस्त हाथ जोड़कर, गिड़गिड़ाकर छोड़ने की भीख मांगते रहे, लेकिन मनचलों का दिल नहीं पसीजा। वहां मौजूद कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो 20 सितंबर को तेजी से वायरल हो गया, इसके बाद से मामला ने तूल पकड़ लिया।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 22 September 2026 at 14:29 IST