जमुई छेड़छाड़ कांड में नाबालिगों का VIDEO शेयर करने वाले भी नपेंगे, 7 आरोपियों की हुई गिरफ्तारी, 2 का हाफ एनकाउंटर; ADG ने बताया अब तक क्या-क्या हुआ
जमुई में छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना पर ताबड़तोड़ एक्शन जारी है। पुलिस अब चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है। ADG के.एस. अनुपम ने बताया वीडियो वायरल होने के बाद अब तक क्या-क्या कार्रवाई हुई।
- भारत
- 3 min read
बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ मामले में पुलिस का एक्शन जारी है। छात्रा के साथ रास्ते में बदसलूकी और गंदी हरकत करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल के बाद पुलिस एक्शन में आ गई। घटना के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी नंदन यादव को जमुई पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अब तक कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
जमुई में छात्रा के साथ हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद देशभर में आक्रोश फैल गया है। विपक्ष बिहार सरकार को लगातार निशाने पर ले रही। कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगें। जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। बिहार पुलिस के एडीजी ने अब की कार्रवाई की जानकारी दी है।
ADG ने बताया अब तक क्या-क्या हुआ?
जमुई की घटना पर ADG (लॉ एंड ऑर्डर, बिहार) के.एस. अनुपम ने कहा, "कल तीन लोगों को पकड़ा गया था। आज हमने मुख्य आरोपी नंदन यादव और उसके साथियों को गिरफ़्तार किया है। इस मामले की जांच के लिए एक SIT बनाई गई है। हम जल्द ही चार्जशीट दाखिल करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि मामले की सुनवाई तेजी से हो और इसे तार्किक अंजाम तक पहुंचाया जाए।"
Video वायरल करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई
"हम उन लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई कर रहे हैं जिन्होंने वीडियो शेयर किया, क्योंकि नाबालिगों का फुटेज शेयर करना कानून का उल्लंघन है और संवेदनशीलता की कमी को दिखाता है। हमने POCSO एक्ट के तहत एक और मामला दर्ज किया है। नाबालिगों से जुड़ा ऐसा कंटेंट बनाना या शेयर करना एक सजा-योग्य और गैर-जमानती अपराध है। इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ हम उचित कार्रवाई करेंगे।"
कौन है मुख्य आरोपी नंदन यादव?
मुख्य आरोपी नंदन यादव जमुई के प्रतापपुर गांव का रहने वाला है। उसके पिता का नाम गनौरी यादव बताया जा रहा है। घटना के समय उसने पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर गमछा बांध रखा था। वीडियो में साफ दिख रहा है कि नंदन ने ही स्कूटी से लौट रहे नाबालिग छात्र और छात्रा को बीच रास्ते में रोककर अभद्र व्यवहार और मारपीट की थी। वारदात के बाद नंदन यादव फरार था। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। एनकाउंटर के बाद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 22 September 2026 at 18:02 IST