'हिंदुओं को बांटने की कोशिश करते हैं और मुसलमानों का तुष्टीकरण...', खड़गे के दीवाली को 'ईद' कहने पर बुरी तरह भड़के गिरिराज सिंह
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के 'दिवाली खुशियों की ईद है' बयान पर गिरिराज सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस पर हिंदुओं को बांटने की कोशिश का आरोप लगाया है।
- भारत
- 3 min read
Giriraj Singh: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की 'दिवाली-ईद' वाली टिप्पणी पर तीखा पलटवार करते हुए उन्हें गांधी परिवार और राहुल गांधी का 'भोंपू' करार दिया है।
गिरिराज सिंह ने कहा कि खड़गे का असली चेहरा अब देश के सामने आ चुका है और वे तुष्टीकरण की राजनीति में संलिप्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हिंदुओं को बांटने का प्रयास करती है।
गांधी परिवार के एक भोंपू हैं खड़गे- गिरिराज
गिरिराज सिंह कहते हैं, 'वे तो बस राहुल गांधी और गांधी परिवार के एक 'भोंपू' (स्पीकर) हैं। खड़गे साहब आपका असली चेहरा सामने आ गया है। आप इस देश में तुष्टीकरण की राजनीति कर रहे हैं। नेहरू ने देश को बांटा था और उसके बाद से आप तुष्टीकरण की राजनीति कर रहे हैं, हिंदुओं को बांटने की कोशिश करते हैं और मुसलमानों का तुष्टीकरण करते आए हैं।'
देश को बांटने की साजिश कर रहे- गिरिराज
उन्होंने आगे कहा कि आपकी और राहुल गांधी की जुबान कभी इरफान अंसारी पर नहीं खुलेगी। उन्होंने कहा कि 40 लाख लोग तैयार हैं। जब गाजियाबाद में दिवाली को बर्बाद करने के इरादे से बम धमाका हुआ, उसपर आपकी जुबान नहीं खुलेगी। हिंदुओं के त्योहारों पर आपकी जुबान से अच्छे शब्द नहीं निकलें। दीपावली निकली, उसके बाद ईद... ईद मनाते-मनाते अब देश को बांटने की साजिश कर रहे हैं। यह अब नहीं चलने वाला है।
वोट बैंक के लालच में कांग्रेस अंधी हो चुकी है- संजय सरावगी
वहीं बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, 'वोट बैंक के लालच में कांग्रेस इस कदर अंधी हो चुकी है की वो इस सनातन पर्व में भी अपना घिनौना तुष्टिकरण खोज रही है। कांग्रेस पार्टी की रगों में हिंदुओं के प्रति नफरत का जो जहर दौड़ रहा है, वह अब उनके नेताओं के बयानों में खुलकर सामने आ रहा है। मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा दिवाली को 'खुशियों की ईद' कहना कोई भूल नहीं है बल्कि यह गांधी परिवार के इशारे पर 110 करोड़ हिंदुओं की आस्था को सरेआम कुचलने की एक घिनौनी साजिश है। मैं कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहता हूं कि क्या आपमें इतनी हिम्मत है कि आप किसी दूसरे मजहब के त्योहारों को 'खुशियों की दिवाली' कह सकें?'
खड़गे ने क्या कहा था?
मल्लिकार्जुन खड़गे ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा था कि इस त्योहार को हिंदुस्तान में सभी लोग मनाते हैं। इसका एक ही कारण है कि यह खुशियों की ईद है। यह कई दिनों तक चलने वाली ईद है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 9 November 2026 at 11:40 IST